- Hindi News
- मनोरंजन
- “जब मैं ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ लिख रहा था, तब मेरी पत्नी प्रेग्नेंट थीं और मुझे पिता बनने से बहु...
“जब मैं ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ लिख रहा था, तब मेरी पत्नी प्रेग्नेंट थीं और मुझे पिता बनने से बहुत डर लग रहा था”: जैकब चेस
मुंबई, अगस्त 2026: पांच फिल्मों के जरिए ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 740 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर चुकी ‘इनसिडियस’ फ्रैंचाइज़ी एक बार फिर दर्शकों को डराने के लिए तैयार है। ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ में इस बार एक नए परिवार और ऐसे डर की कहानी दिखाई जाएगी, जो ‘द फर्दर’ की ताकत को एक नई दिशा देता है।
राक्षसों को उसकी शक्ति का पता चलते ही जेम्मा और उसका परिवार उनके निशाने पर आ जाते हैं। फिल्म में लिन शे एक बार फिर एलिस रेनियर के लोकप्रिय किरदार में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन जैकब चेस ने किया है।
हॉरर से पुराना रिश्ता
जैकब चेस का हॉरर से जुड़ाव फिल्ममेकिंग से काफी पहले शुरू हो गया था। वह बताते हैं कि उन्होंने कई साल तक हॉरर हाउस अट्रैक्शन बनाए।
चेस कहते हैं, “मुझे थिएटर से प्यार है और इसी वजह से मैंने कई सालों तक हॉन्टेड हाउस अट्रैक्शन बनाए। मैं हाई स्कूल से लेकर 20 साल की उम्र तक चैरिटी इवेंट के लिए अपने दोस्तों के साथ ऐसा करता था।”
उनके मुताबिक हॉन्टेड हाउस में फिल्ममेकिंग, कहानी, किरदार और सबसे महत्वपूर्ण सामूहिक अनुभव—इन सभी चीजों का मेल होता है। किसी दर्शक को डरते, चीखते और फिर हंसते देखना उनके लिए सबसे खास अनुभवों में से एक है।
रोजमर्रा की चीजों में छिपा डर
‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ में डर पैदा करने के लिए चेस ने अपने निजी डर और रोजमर्रा की सामान्य चीजों का सहारा लिया। उनका मानना है कि किसी साधारण और सुरक्षित लगने वाली चीज को डरावने अनुभव में बदलना हॉरर को ज्यादा प्रभावी बनाता है।
फिल्म में तकियों से बना बच्चों का किला एक ऐसी अंतहीन भूलभुलैया में बदल जाता है, जहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। चेस बताते हैं कि उन्हें बंद और तंग जगहों से डर लगता है और इसी व्यक्तिगत डर ने इस दृश्य को आकार देने में मदद की।
डेंटिस्ट की कुर्सी वाले सीन को लेकर भी चेस ने अपने डर का इस्तेमाल किया। वह कहते हैं कि उनके लिए यह विचार ही डरावना था कि हाइजीनिस्ट जेम्मा खुद डेंटिस्ट की कुर्सी पर बैठे और ड्रिल उसकी तरफ बढ़ती हुई दिखाई दे।
परिवार से जुड़ा डर सबसे ज्यादा असर करता है
जैकब चेस के मुताबिक ‘इनसिडियस’ की खासियत सिर्फ डरावने दृश्यों में नहीं, बल्कि इसके परिवार-केंद्रित भावनात्मक पक्ष में है।
वे कहते हैं, “इन फिल्मों के केंद्र में परिवार पर केंद्रित, दिल को छू लेने वाली फिल्में होती हैं। लैम्बर्ट परिवार, एलिस और नए किरदारों के साथ, इसमें ऐसे शानदार किरदार हैं, जिनसे मैंने जुड़ाव महसूस किया। और फिर, जब आपके अपनों पर कोई मुसीबत आती है, तो वह डर सच में आपके अंदर तक महसूस होता है।”
पिता बनने का डर बना कहानी की प्रेरणा
फिल्म चेस के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसकी कहानी लिखते समय उनकी निजी जिंदगी में भी बड़ा बदलाव हो रहा था।
चेस बताते हैं, “जब मैं ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ लिख रहा था, तब मेरी पत्नी प्रेग्नेंट थी और मुझे पिता बनने से बहुत डर लग रहा था।”
उन्होंने इसी निजी अनुभव और पिता बनने को लेकर अपने डर को फिल्म की भावनात्मक नींव में शामिल किया। उनके मुताबिक, अपने वास्तविक जीवन के डर से ‘इनसिडियस’ की कहानी शुरू करना उनके लिए एक बेहद खास अनुभव था।
‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ 21 अगस्त 2026 को भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
