- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- प्रधानमंत्री मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल राष्ट्र को किया समर्पित, महान नेताओं की प्रतिमाओं...
प्रधानमंत्री मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल राष्ट्र को किया समर्पित, महान नेताओं की प्रतिमाओं का किया अनावरण
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्र प्रेरणा स्थल को एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक और स्थायी राष्ट्रीय महत्व के प्रेरणादायक परिसर के रूप में विकसित किया गया है। करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह परिसर लगभग 65 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसका उद्देश्य नेतृत्व मूल्यों, राष्ट्रीय सेवा, सांस्कृतिक चेतना और जन-प्रेरणा को बढ़ावा देना है।
परिसर में पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो भारत के राजनीतिक चिंतन, राष्ट्र निर्माण और सार्वजनिक जीवन में उनके अतुलनीय योगदान का प्रतीक हैं। इसके साथ ही यहां कमल के आकार में निर्मित एक अत्याधुनिक संग्रहालय भी विकसित किया गया है, जो लगभग 98,000 वर्ग फुट में फैला है। इस संग्रहालय में उन्नत डिजिटल तकनीक के माध्यम से इन महान नेताओं के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को दर्शाया गया है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बताया जा रहा है, जो देश की वैचारिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों को सहेजने का कार्य करेगा।
