गोंडा: फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लगाई तरबगंज विधायक की फोटो, सपा को वोट देने की अपील

गोंडा। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने को लेकर चल रहे शह और मात को खेल अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। फर्जी नाम से फेसबुक आईडी बनाकर मतदाताओं को भ्रमित किया जा रहा है‌। इसी तरह का एक मामला कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के तरबगंज विधानसभा में सामने आया है। तरबगंज की आवाज नाम से फेसबुक आईडी बनाकर न सिर्फ भड़काऊ पोस्ट किए जा रहे हैं बल्कि फेसबुक के पेज के कवर पर तरबगंज विधायक की फोटो लगाकर समाजवादी पार्टी को वोट देने की अपील की जा रही है।

प्रोफाइल पिक्चर की जगह पर कैसरगंज से सपा प्रत्याशी भगतराम मिश्र की फोटो लगायी गयी है। मामले की जानकारी होने पर विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने तरबगंज अज्ञात के खिलाफ तरबगंज थाने में एफआईआर दर्ज करायी है‌। तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने तरबगंज थाने में दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में कहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया फेसबुक पर कूटरचना करके तरबगंज की आवाज के नाम से फर्जी एकाउण्ट बनाया गया है।

यह भी पढ़े - Ballia News : लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीटकर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जिसके कवर फोटो पर उनकी फोटो लगाई गयी है तथा प्रोफाईल पर लोकसभा कैसरगंज से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की फोटो वाले स्टीकर की तरह का फोटो लगा है, जिसमें 20 मई 2024 को समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील की गयी है। इस अकाउण्ट से कई तरह के भड़काऊ पोस्ट किये गये है।

उन्होने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी से विधानसभा तरबगंज से विधायक है। ऐसे में कूटरचित फर्जी फेसबुक एकाउण्ट से साफ परिलक्षित है कि किसी के द्वारा भारतीय जनता पार्टी व उनकी छवि को धूमिल करने का कुचक्र रचा जा रहा है। यह संज्ञेय अपराध है। विधायक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है‌ और घटना की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.