- Hindi News
- मनोरंजन
- अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, 25 अक्टूबर को ज़ी सिनेमा पर होगा ‘भूत बंगला’ का
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, 25 अक्टूबर को ज़ी सिनेमा पर होगा ‘भूत बंगला’ का वर्ल्ड टीवी प्रीमियर
मुंबई, अक्टूबर 2026: अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की चर्चित जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और डराने के लिए तैयार है। दोनों की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर रविवार, 25 अक्टूबर को रात 8 बजे ज़ी सिनेमा पर होगा।
फिल्म के बारे में अक्षय कुमार ने कहा कि प्रियदर्शन के साथ दोबारा काम करना उनके लिए घर लौटने जैसा अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान डरावने दृश्यों से ज्यादा सेट पर हंसी-मजाक का माहौल रहता था। अक्षय ने दर्शकों से फिल्म को परिवार और दोस्तों के साथ देखने की अपील करते हुए कहा कि पॉपकॉर्न तैयार रखें और डर लगने पर किसी अपने का हाथ पकड़ लें।
वामिका गब्बी ने फिल्म का हिस्सा बनने को अपने लिए खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ स्क्रीन साझा करना और प्रियदर्शन के निर्देशन में काम करना उनके लिए सीखने वाला अनुभव रहा। उनके मुताबिक फिल्म में रोमांच और हास्य का ऐसा मिश्रण है, जो दर्शकों को एक साथ डराएगा और हंसाएगा।
निर्देशक प्रियदर्शन ने बताया कि हॉरर और कॉमेडी दोनों में टाइमिंग बेहद महत्वपूर्ण होती है। फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं, जहां दर्शकों को एक ही समय में हंसाना और डराना चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने फिल्म को परिवार के साथ देखने के लिए उपयुक्त मनोरंजक कहानी बताया।
परेश रावल ने भी फिल्म के सेट के माहौल को याद करते हुए कहा कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार के साथ काम हो तो हंसी-मजाक होना तय है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में दर्शकों को सलाह दी कि ‘भूत बंगला’ अकेले न देखें।
क्या है ‘भूत बंगला’ की कहानी?
फिल्म की कहानी अर्जुन आचार्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अक्षय कुमार निभा रहे हैं। अर्जुन को मंगलपुर कस्बे में एक पुश्तैनी महल विरासत में मिलता है। वह इसी महल में अपनी बहन की शादी कराने की योजना बनाता है।
लेकिन मंगलपुर एक सदियों पुराने डर के साये में जी रहा है। स्थानीय लोगों के बीच वधुसुर नाम के एक खौफनाक राक्षस की कहानी प्रचलित है, जिसके बारे में कहा जाता है कि वह दुल्हनों को उनकी शादी की रात से पहले उठा ले जाता है। इसी डर के कारण वर्षों से कस्बे में शादियां नहीं हुई हैं।
अर्जुन इन अंधविश्वासों पर भरोसा नहीं करता और शादी की तैयारियां जारी रखता है। इसके बाद महल और आसपास के इलाके में रहस्यमयी घटनाएं शुरू हो जाती हैं। अलौकिक घटनाओं, गलतफहमियों और रहस्यों के बीच शादी का माहौल एक रोमांचक और मजेदार सफर में बदल जाता है।
‘भूत बंगला’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर रविवार, 25 अक्टूबर को रात 8 बजे सिर्फ ज़ी सिनेमा पर होगा।
