ससुराल में सनकी पति ने पहले पत्नी, फिर खुद को मारी गोली

UP News : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को पति ने न सिर्फ मायके में रह रही पत्नी को गोली मारी, बल्कि खुद को भी गोली मार ली। दोनों की शादी लगभग 9 वर्ष पहले हुई थी। दोनों को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया। घटना मटसेना क्षेत्र के गणेशपुर की है। 

आगरा जिले के एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र के मोहल्ला संदीप नगर निवासी रवि नामक युवक की खेड़ा गणेशपुर में ससुराल है। वर्षा उसकी पत्नी है। पिछले कुछ महीने से वर्षा की तबीयत खराब थी। मायके वाले उसे 2 महीने पहले अपने घर ले आए। यहां लाकर उसका इलाज करा रहे थे। रवि उसे बुलाने के लिए आया था। कमरे में किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। रवि ने पहले वर्षा को गोली मारी, फिर खुद को भी गोली मार ली।
 
सूचना मिलते ही मटसेना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने मामले की छानबीन के साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्य भी इकट्ठा किये हैं। इस संबंध में एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा का कहना है, कि जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर गई थी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक आगरा जनपद के एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जिसका पत्नी से विवाद चल रहा था। ससुराल में आकर उसने घटना को अंजाम दिया है। घटना के सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन की जा रही है। 

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.