Fatehpur News: दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बिना दुल्हन लौट गई बारात, हंगामे के बाद थाने में हुआ समझौता

फतेहपुर। जनपद में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे पूरी बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इस दौरान बारातियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। अगले दिन दूल्हे पक्ष ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया और आपसी समझौता हुआ।

शादी की सभी तैयारियां थीं पूरी, फिर अचानक हंगामा

असोथर थाना क्षेत्र के बेरूई गांव निवासी वीरेंद्र लोधी ने अपने बेटे धर्मवीर की शादी थरियांव थाना क्षेत्र के दनियालपुर गांव निवासी रामसजीवन लोधी की बेटी सरिता देवी से तय की थी। शादी की तारीख और शुभ मुहूर्त निकाल लिया गया था। रिश्तेदारों को निमंत्रण भेजे जा चुके थे और शादी से जुड़े सभी कार्यक्रम भी पूरे हो चुके थे।

यह भी पढ़े - Sultanpur News: सुलतानपुर में दर्दनाक हादसा, तेज आंधी में चलती कार पर गिरा पेड़, दो की मौके पर मौत

18 फरवरी की रात बारात दनियालपुर गांव पहुंची। डीजे पर बाराती नाच रहे थे, और खाने-पीने की अच्छी व्यवस्था थी।

दुल्हन ने अचानक किया शादी से इनकार, बारात में मचा हड़कंप

जब शादी की चढ़ाव की रस्म शुरू हुई, तो लड़के वालों ने दुल्हन के लिए जेवरात भेंट किए। लेकिन थोड़ी देर बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और दूल्हे के साथ जाने से मना कर दिया।

इससे बारात में हंगामा मच गया।

दोनों पक्षों में बहस और मारपीट की नौबत आ गई। बारातियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। पुलिस थाने में हुआ सुलह, पहले हो चुकी थी शादी। सुबह दूल्हे के परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि दुल्हन ने पहले शादी स्वीकार की और चढ़ावे के जेवरात भी रख लिए।लेकिन बाद में जेवरात लौटाने से इनकार कर दिया और मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराया।

पहले ही हो चुकी थी शादी, दुल्हन थी नाखुश

मामले की जांच में पता चला कि 23 जनवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दोनों की शादी हो चुकी थी। शादी के बाद दुल्हन ससुराल जाने की बजाय अपने मायके लौट गई थी। पहले भी उसने दूल्हे को नापसंद कर विरोध जताया था, लेकिन परिवार की इज्जत के कारण चुप रही।

दुल्हन दिल्ली में रहती थी और किसी शहरी लड़के से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने गांव के लड़के से शादी तय कर दी। इसी कारण उसने आखिरकार शादी से इनकार कर दिया।

थरियांव थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलह कर ली है और मामला अब शांत हो गया है।

खबरें और भी हैं

Latest News

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.