- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: छात्र की मौत के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत तीन शिक्षक गिरफ्तार
बलिया: छात्र की मौत के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत तीन शिक्षक गिरफ्तार
बलिया। गड़वार थाना पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा, कनैला में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छात्र की मौत के मामले में नामजद प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत तीन शिक्षकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक शिक्षामित्र भी शामिल है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय चालान कर दिया।
एसडीएम सदर, एसडीओ और बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की सूझबूझ से स्थिति शांत होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
मृत छात्र के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर पुत्र परिहार हरिजन, निवासी चेतक किशोर, थाना सिकंदरपुर, बलिया; सहायक अध्यापक अनिल कुमार पुत्र शिवधनी, निवासी निराला नगर, थाना कोतवाली, बलिया; तथा शिक्षामित्र दीपचन्द्र राम पुत्र कपिल देव राम, निवासी हरिपुर, थाना गड़वार, बलिया समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
बीएसए ने दो शिक्षकों को किया निलंबित
खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए मनीष कुमार सिंह ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। वहीं, शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र भेजा गया है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मंगलवार को गड़वार थाने के उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 198 और 3(5) के तहत चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
