- Hindi News
- मनोरंजन
- एकता कपूर के नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में पहली बार साथ नजर आएंगे गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या, 24 नवं...
एकता कपूर के नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में पहली बार साथ नजर आएंगे गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या, 24 नवंबर को होगा प्रीमियर
मुंबई, नवंबर 2026। टेलीविजन दर्शकों के लिए एक नई रोमांटिक फैमिली ड्रामा पेश होने जा रही है। एकता कपूर के बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले निर्मित शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। स्टार प्लस ने शो की प्रीमियर डेट का ऐलान कर दिया है। यह शो 24 नवंबर से चैनल पर प्रसारित होगा।
नौ पोस्टर्स के साथ शो की दुनिया की पहली झलक
शो के लॉन्च को खास बनाने के लिए स्टार प्लस ने एक साथ नौ पोस्टर्स जारी किए हैं। टेलीविजन प्रमोशन में इस तरह की अनोखी पहल के जरिए दर्शकों को शो की कहानी और उसके किरदारों की पहली झलक दिखाई गई है।
इन पोस्टर्स में किरदारों के आपसी रिश्तों और कहानी में आने वाले उतार-चढ़ाव की झलक देखने को मिली है। इससे शो के कथानक को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
गौरव और श्रद्धा की जोड़ी को लेकर उत्साहित हैं एकता कपूर
गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की नई जोड़ी को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एकता कपूर ने कहा,
“दोनों कलाकारों को दर्शकों से हमेशा भरपूर प्यार मिला है और मैं लंबे समय से चाहती थी कि ये दोनों एक साथ स्क्रीन पर नजर आएं। अब जब आखिरकार ऐसा होने जा रहा है, तो मैं बेहद उत्साहित हूं, थोड़ी नर्वस भी हूं और अभी से सोच रही हूं कि दर्शक इन दोनों को एक साथ देखकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे!”
‘GK इज बैक!’ बोले गौरव खन्ना
स्टार प्लस पर वापसी और एकता कपूर के साथ काम करने को लेकर गौरव खन्ना ने कहा,
“मेरे फैंस मुझसे लगातार पूछ रहे थे कि हम आपको नए शो में कब देखेंगे? और अब मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि ‘GK इज बैक!’ मेरे फैंस का प्यार और उनका इंतजार मेरी इस वापसी को और भी खास बनाता है। स्टार प्लस पर एक नए शो के साथ लौटना और एकता कपूर के साथ काम करना, मेरे लिए इस नए सफर की एक शानदार शुरुआत है। इस दिवाली मैं इससे ज्यादा और क्या मांग सकता था! सच में ऐसा लग रहा है जैसे सब कुछ सही समय पर हो रहा है। अभी के लिए बस इतना कह सकता हूं कि श्रद्धा और मैं कुछ नया लेकर आ रहे हैं। बाकी राज धीरे-धीरे खुलेंगे… तब तक शो को लेकर अंदाजा लगाते रहिए और हम पर अपना प्यार बरसाते रहिए!”
दोनों कलाकारों के लिए खास है यह प्रोजेक्ट
‘दिल की बेवफाइयाँ’ गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या दोनों के लिए खास प्रोजेक्ट है। श्रद्धा आर्या ‘कुंडली भाग्य’ के साथ लंबे जुड़ाव के बाद एक बार फिर बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ काम कर रही हैं। वहीं, गौरव खन्ना पहली बार एकता कपूर के किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बने हैं।
शो की शुरुआत से पहले दोनों कलाकारों ने आयोजित पूजा में भी हिस्सा लिया था। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने रहे। गौरव और श्रद्धा की नई जोड़ी, नौ पोस्टर्स का अनोखा लॉन्च और प्रीमियर डेट की घोषणा ने शो के प्रति दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
‘दिल की बेवफाइयाँ’ का प्रीमियर 24 नवंबर 2026 को स्टार प्लस पर होगा।
