बलिया: सरयू नदी में मिला करीब 70 वर्षीय वृद्ध का शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस

बांसडीह, बलिया। बांसडीह क्षेत्र के ताहिरपुर गांव के सामने शुक्रवार को सरयू नदी के किनारे पानी में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

ताहिरपुर गांव के सामने सरयू नदी में शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई भी उसकी शिनाख्त नहीं कर सका।

यह भी पढ़े - गंगा के जलस्तर में फिर तेजी, तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी

प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, शव पर कोई कपड़ा नहीं था। शव काफी पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध भी आ रही थी। प्रथम दृष्टया आशंका है कि शव कहीं अन्य स्थान से बहकर सरयू नदी के रास्ते ताहिरपुर के किनारे आ लगा होगा।

पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 70 से 80 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.