बलिया में घने कोहरे का कहर: विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर, सड़कों पर सन्नाटा, लोग घरों में रहे दुबके

बलिया। बलिया में मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के बाद रात से ही कोहरे की परत बननी शुरू हो गई थी, जो सुबह तक बेहद घने कोहरे में तब्दील हो गई।

कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी धीमी रही। वाहन चालक हेडलाइट और फ्लैशर लाइट जलाकर रेंगते हुए चलते नजर आए। बढ़ती ठंड और गलन के कारण लोग घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं और केवल जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं।

यह भी पढ़े - केशव मौर्य का सपा पर तीखा हमला, बोले— 2027 में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतकर करेगी सपा का सूपड़ा साफ

मौसम विभाग के अनुसार, जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 134 रहा, जबकि आर्द्रता 92 प्रतिशत तक पहुंच गई। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते दिखे।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा पहले ही कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया जा चुका है। ठंड का असर केवल आम जनजीवन पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी साफ नजर आ रहा है। खुले आसमान में उड़ने वाले पक्षी भी कम दिखाई दे रहे हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले एक सप्ताह तक जिले में इसी तरह ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.