- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कौशांबी
- केशव मौर्य का सपा पर तीखा हमला, बोले— 2027 में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतकर करेगी सपा का सूपड़ा साफ...
केशव मौर्य का सपा पर तीखा हमला, बोले— 2027 में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतकर करेगी सपा का सूपड़ा साफ
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 325 से अधिक सीटें जीतकर सपा का पूरी तरह सफाया कर देगी। सोमवार को अपने गृह जनपद कौशांबी पहुंचे मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों पर लाठीचार्ज और इस मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सरकार की आलोचना किए जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को प्रदेश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारी सरकार को छात्रों और युवाओं की पूरी चिंता है। डबल इंजन की सरकार सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।”
इससे पहले केशव मौर्य अपने पैतृक आवास सिराथू पहुंचे, जहां उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लेकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे तक आवास पर रुकने के बाद वह हेलीपैड पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं से भी शिकायतें लेकर उन पर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
