- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: विनोद राजभर के शव का अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने किया इनकार, आश्वासन के बाद माने ग्रामीण...
बलिया: विनोद राजभर के शव का अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने किया इनकार, आश्वासन के बाद माने ग्रामीण
बांसडीह, बलिया। सहतवार कस्बे में सोमवार को मारपीट के दौरान मृत विनोद राजभर का शव मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सहतवार-रेवती मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। देर रात विधायक केतकी सिंह, एसडीएम और सीओ के आश्वासन के बाद परिजन बुधवार सुबह अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
शव पहुंचते ही सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण
मंगलवार शाम जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद विनोद राजभर का शव सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर पहुंचा। इसके बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर जमा हो गए। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्ग जाम कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने समझाकर करीब दस मिनट में जाम हटवा दिया और शव को घर पहुंचाया।
शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से नाराज लोगों को समझाने के लिए विधायक केतकी सिंह, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र और अजय सिंह मौके पर पहुंचे।
विधायक ने देर रात तक परिजनों से की बातचीत
विधायक केतकी सिंह ने रात करीब 11 बजे तक परिजनों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि घटना बेहद दर्दनाक है और परिवार को इस दुख से उबरने में समय लगेगा, लेकिन उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
प्रशासन की ओर से कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद परिजन बुधवार सुबह अंतिम संस्कार करने पर सहमत हुए। बुधवार सुबह गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट पर विनोद राजभर का अंतिम संस्कार किया गया।
परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था विनोद
मृतक के भाई मनोज राजभर ने आरोप लगाया कि उनके भाई की चाकू और फरसे से हमला कर हत्या की गई है। उन्होंने सभी आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। परिजनों ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी।
मनोज राजभर के अनुसार, विनोद परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान के बगल में स्थित पकौड़ी की दुकान पर मजदूरी करते थे।
विनोद के परिवार में तीन बेटे विकास, चैंपियन और विशाल तथा पांच बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार का सबसे बड़ा बेटा विकास 18 वर्ष का है। विनोद की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
