- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: छपरा एक्सप्रेस में 36.25 लाख रुपये के साथ युवक गिरफ्तार, आयकर विभाग को दी गई सूचना
Ballia News: छपरा एक्सप्रेस में 36.25 लाख रुपये के साथ युवक गिरफ्तार, आयकर विभाग को दी गई सूचना
बलिया। यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी बलिया को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे पुलिस ने 15054 छपरा एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग के दौरान एक युवक को 36 लाख 25 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने रकम को कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सूचना दे दी है।
स्लीपर कोच में मिला नकदी से भरा बैग
चेकिंग के दौरान जीआरपी टीम ने छपरा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में यात्रा कर रहे एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली। युवक के पास मौजूद लाल रंग के बैग की जांच करने पर उसमें 36.25 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पकड़े गए युवक की पहचान संचित अग्रवाल पुत्र संतोष अग्रवाल, निवासी नवाब साहब का फाटक, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
नहीं दिखा सका कोई वैध दस्तावेज
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह यह रकम गाजीपुर से बिहार के छपरा कचहरी स्थित एक ज्वेलरी प्रतिष्ठान तक पहुंचाने जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी धनराशि के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण पत्र वह पुलिस को नहीं दिखा सका।
आयकर विभाग को भेजी गई सूचना
जीआरपी ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर धनराशि को कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग की जांच शाखा, वाराणसी को सूचना भेज दी गई है। अब आयकर विभाग धनराशि के स्रोत और उसके उपयोग की जांच करेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
इस कार्रवाई में जीआरपी बलिया के थानाध्यक्ष राज कपूर सिंह, उपनिरीक्षक ओमशंकर गुप्ता तथा कांस्टेबल संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
