- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: शिव महापुराण कथा में उमड़ा जनसैलाब, पं. प्रदीप मिश्रा बोले- महादेव ही हर सकते हैं मनुष्...
Ballia News: शिव महापुराण कथा में उमड़ा जनसैलाब, पं. प्रदीप मिश्रा बोले- महादेव ही हर सकते हैं मनुष्य के पापों का बोझ
बलिया। बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और सदाचार का संदेश दिया। कथा पंडाल में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि पृथ्वी माता समस्त जीवों का भार वहन कर सकती हैं, लेकिन मनुष्य के पापों का बोझ सहन नहीं कर सकतीं। संसार में यदि कोई शक्ति मनुष्य के पापों को अपने ऊपर लेकर उसका कल्याण कर सकती है, तो वह केवल देवाधिदेव महादेव हैं।
कथावाचन के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में सद्कर्म अपनाने, अहंकार और छल-कपट से दूर रहने तथा समाज और परिवार के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिव नाम का स्मरण मात्र भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है।
कथा में भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए पंडित मिश्रा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रेरणा दी। उनके मुखारविंद से निकली कथा और भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर "हर-हर महादेव" के जयघोष करते रहे। पूरा परिसर शिवमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।
तीसरे दिन भी बलिया सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई थी।
कथा के समापन पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह, सुनील सिंह तथा अन्य परिजनों ने भगवान शिव की आरती उतारी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करते हुए भगवान शिव का गुणगान किया।
श्रद्धालुओं के लिए शुरू हुई नि:शुल्क बस सेवा
बांसडीह रोड स्थित दिउली में चल रही शिव महापुराण कथा में उमड़ रही भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नि:शुल्क बस सेवा शुरू कराई है।
कथा स्थल तक पहुंचने में लोगों को हो रही असुविधा और पुलिस द्वारा किए गए रूट डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए एनसीसी तिराहा से कथा स्थल तक फ्री बस सेवा संचालित की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है।
