Ballia News : बलिया में रेलवे ट्रैक पर धधकी स्कार्पियो, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बाल-बाल बचा चालक

बलिया। शनिवार तड़के बलिया के रसड़ा-नगरा मार्ग स्थित छितौनी रेलवे क्रॉसिंग पर एक स्कार्पियो में अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्कार्पियो की बैटरी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने चंद पलों में ही पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह स्कार्पियो रसड़ा के सड़ौली निवासी सत्यप्रकाश की थी, जिसे चालक एक कार्यक्रम से नगरा से रसड़ा लेकर लौट रहा था। लगभग भोर के तीन बजे, जब वाहन छितौनी रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच पहुंचा, उसी समय उसमें धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी।

यह भी पढ़े - Ballia News: बांसडीह की बेटी निधि पाण्डेय ने रचा सफलता का इतिहास, बिहार PCS में बनीं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी

चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन स्कार्पियो देखते ही देखते आग का गोला बन गई।

रेलवे और प्रशासन सतर्क

जैसे ही रेलवे ट्रैक पर वाहन में आग लगने की सूचना फैली, रेलवे विभाग से लेकर स्थानीय प्रशासन तक अलर्ट मोड में आ गया। सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जली हुई स्कार्पियो को क्रेन की मदद से रेलवे ट्रैक से हटाया गया, ताकि रेल यातायात बाधित न हो। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है, वहीं अग्निकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रेलवे विभाग सतर्क नजर आ रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.