- Hindi News
- झारखंड
- Jharkhand News: रांची में रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या, नाराज़ लोगों ने किया सड़क जाम
Jharkhand News: रांची में रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या, नाराज़ लोगों ने किया सड़क जाम

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार देर रात एक रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट की है, जहां कुछ युवकों ने रेस्टोरेंट मालिक विजय कुमार नाग को गोली मार दी। वारदात रात करीब 11:30 बजे हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद कांके रोड क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से अहम सबूत इकट्ठा किए और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
रविवार सुबह घटना के विरोध में विजय कुमार नाग के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कांके रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस हत्या से स्थानीय व्यापारियों में भी भारी आक्रोश है, क्योंकि विजय शहर के जाने-माने रेस्टोरेंट कारोबारी थे।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों का उद्देश्य सिर्फ खाने को लेकर हुआ विवाद था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी।