- Hindi News
- मनोरंजन
- डॉ. सृष्टि को बचाने की कोशिश में डॉ. देव के सामने आएगा बड़ा फैसला, ‘यादें’ में आएगा नया मोड़
डॉ. सृष्टि को बचाने की कोशिश में डॉ. देव के सामने आएगा बड़ा फैसला, ‘यादें’ में आएगा नया मोड़
मुंबई, अगस्त 2026: सोनी सब का शो ‘यादें’ जेबीएमएमसी अस्पताल की पृष्ठभूमि में हास्य, भावनाओं और रिश्तों की कहानी को आगे बढ़ा रहा है। आने वाले एपिसोड्स में डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) के सामने ऐसी परिस्थितियां खड़ी होंगी, जिनका असर उसके करियर, शादी और भविष्य पर पड़ सकता है। वहीं, उसे बचाने की कोशिश में डॉ. देव (इकबाल खान) खुद एक मुश्किल स्थिति में फंसते नजर आएंगे।
आने वाले एपिसोड्स में आई साहेब (उषा बाचानी) को पता चलता है कि डॉ. सृष्टि का इस्तीफा अस्पताल में कभी जमा ही नहीं हुआ। इससे उन्हें लगता है कि सृष्टि ने उनसे और डिग्गी (अर्जुन पुंज) से सच छिपाया है।
इसके बाद सृष्टि को पता चलता है कि डिग्गी ने उसके हस्ताक्षर की नकल कर इस्तीफा तैयार किया था। यह जानकर सृष्टि खुद को ठगा हुआ महसूस करती है। डिग्गी जब अपने फैसले का कारण बताते हुए स्वीकार करता है कि वह नहीं चाहता था कि सृष्टि डॉ. देव के साथ काम करे, तो सृष्टि अपने करियर को शादी से ऊपर रखने का फैसला करती है।
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं होता। अस्पताल के एक बड़े वित्तीय और कानूनी संकट में फंसने के बाद पुलिस सृष्टि को गिरफ्तार करने पहुंच जाती है। उदय शेट्टी (सुकैश आनंद) शिकायत वापस लेने से इनकार कर देता है।
सृष्टि को बचाने के लिए देव के सामने शादी की शर्त
सृष्टि की मदद करने के लिए डॉ. देव, डॉ. प्रीति (छवि पांडे) की मां देवयानी के पास पहुंचते हैं। देवयानी आर्थिक मदद के लिए तैयार हो जाती हैं, लेकिन इसके बदले वह डॉ. देव के सामने एक बड़ी शर्त रखती हैं—उन्हें उनकी बेटी डॉ. प्रीति से शादी करनी होगी।
अब सवाल यह है कि क्या डॉ. देव, डॉ. सृष्टि को बचाने के लिए अपनी निजी खुशियों का त्याग करेंगे? क्या देवयानी का यह अप्रत्याशित प्रस्ताव डॉ. देव, डॉ. सृष्टि और डॉ. प्रीति के रिश्तों की दिशा हमेशा के लिए बदल देगा?
गुलकी जोशी ने बताया सृष्टि के फैसले का भावनात्मक पक्ष
डॉ. सृष्टि का किरदार निभा रहीं गुलकी जोशी ने कहा, “जब डॉ. सृष्टि को पता चलता है कि उसके मंगेतर डिग्गी ने उसके हस्ताक्षर नकली बनाए हैं, तो वह बेहद धोखा खाई और आहत महसूस करती है, खासकर इसलिए क्योंकि वह हमेशा अपने करियर और जीवन के फैसले खुद लेना चाहती थी। शादी पर करियर को चुनना आसान निर्णय नहीं है, लेकिन उसके लिए अपने लिए खड़ा होना जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा कि सृष्टि को यह नहीं पता कि जब वह अपनी शादी के फैसले के परिणामों से जूझ रही है, उसी दौरान डॉ. देव उसे एक और बड़े संकट से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। गुलकी के मुताबिक, आने वाला ट्रैक सृष्टि के लिए कई अप्रत्याशित मोड़ लेकर आएगा और दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि जब उसे डॉ. देव के प्रयासों के बारे में पता चलेगा, तो उसकी प्रतिक्रिया क्या होगी।
सोनी सब पर ‘यादें’ देखें, सोमवार से शनिवार रात 8 बजे।
