- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘यादें’ में डॉ. प्रीति बनीं छवि पांडे बोलीं- असल जिंदगी में मेरे बिल्कुल उलट है मेरा किरदार, इसलिए न...
‘यादें’ में डॉ. प्रीति बनीं छवि पांडे बोलीं- असल जिंदगी में मेरे बिल्कुल उलट है मेरा किरदार, इसलिए निभाना रोमांचक
मुंबई: सोनी सब का शो ‘यादें’ हास्य, भावनाओं और दिलचस्प मेडिकल केसेस के मिश्रण के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। शो में अब छवि पांडे की एंट्री डॉ. प्रीति देशमुख के रूप में हुई है। एक प्रतिभाशाली सर्जन के रूप में नजर आ रहीं डॉ. प्रीति का आत्मविश्वास, गर्मजोशी और भावनात्मक व्यक्तित्व जेबीएमएमसी हॉस्पिटल की कहानी में नया आयाम जोड़ रहा है।
डॉक्टर का किरदार निभाना बड़ी जिम्मेदारी
छवि पांडे ने कहा, “मेरे लिए सबसे ज्यादा उत्साह डॉक्टर का किरदार निभाने को लेकर था। मैंने अपने करियर में पहले भी थोड़े समय के लिए डॉक्टर की भूमिका निभाई थी, लेकिन उस किरदार को गहराई से समझने और निभाने का मौका नहीं मिला था।”
उन्होंने कहा कि स्क्रीन पर डॉक्टर की भूमिका निभाना बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि मेडिकल शब्दों के सही उच्चारण से लेकर सर्जरी और दूसरी प्रक्रियाओं को समझने तक हर छोटी बात को विश्वसनीय तरीके से पेश करना जरूरी होता है।
छवि के मुताबिक, उन्हें ऐसे किरदार पसंद हैं जो एक कलाकार के रूप में उन्हें चुनौती दें। डॉ. प्रीति भी ऐसा ही किरदार है, जो उन्हें हर दिन कुछ नया सीखने का अवसर दे रहा है।
सेट पर डॉक्टरों से मिलती है मदद
मेडिकल ड्रामा में एक कुशल सर्जन की भूमिका निभाने की तैयारी के बारे में छवि ने बताया कि सेट पर डॉक्टर मौजूद रहते हैं। वे कलाकारों को मेडिकल प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हैं।
छवि खुद भी मेडिकल शब्दावली को समझने के लिए रिसर्च करती हैं। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर वह अपने सह-कलाकारों इक़बाल खान, गुलकी जोशी और अन्य कलाकारों से भी मदद लेती हैं।
‘डॉ. प्रीति एक्स्ट्रोवर्ट, मैं इंट्रोवर्ट’
अपने किरदार और वास्तविक व्यक्तित्व के अंतर के बारे में छवि ने कहा, “डॉ. प्रीति असल जिंदगी में मुझसे बिल्कुल अलग हैं और यही बात उन्हें निभाने को इतना रोमांचक बनाती है। वह थोड़ी क्लम्ज़ी, बेबाक और एक्स्ट्रोवर्ट हैं। वह अपने दिल की बात तुरंत कह देती हैं, जबकि मैं बिल्कुल उलट हूँ। मैं इंट्रोवर्ट हूँ, धीरे-धीरे लोगों के सामने खुलती हूँ और काफी व्यवस्थित हूँ।”
हालांकि दोनों में एक समानता भी है। छवि के मुताबिक, वह और डॉ. प्रीति दोनों अपने-अपने काम को लेकर बेहद समर्पित हैं। जिस तरह डॉ. प्रीति मरीज का इलाज करते समय पूरी तरह केंद्रित रहती हैं, उसी तरह वह भी अभिनय के दौरान अपने काम में पूरी तरह डूब जाती हैं।
दयालुता से महसूस करती हैं किरदार से जुड़ाव
छवि ने बताया कि डॉ. प्रीति बेहद दयालु और भावुक हैं। वह लोगों की परवाह करती हैं और किसी दूसरे व्यक्ति को परेशानी से बचाने के लिए खुद जिम्मेदारी लेने से पीछे नहीं हटतीं।
उन्होंने कहा कि यही वह खूबी है, जिससे वह व्यक्तिगत तौर पर अपने किरदार से जुड़ाव महसूस करती हैं। वह भी लोगों और जानवरों के प्रति करुणा और दयालुता में विश्वास रखती हैं।
इक़बाल खान और गुलकी जोशी के साथ काम करने पर कही ये बात
शो की कास्ट के साथ अपने अनुभव को लेकर छवि ने कहा कि इक़बाल खान के साथ वह पहले भी काम कर चुकी हैं, इसलिए उनके साथ पहले से सहजता है। वहीं, गुलकी जोशी के साथ यह उनका पहला प्रोजेक्ट है, हालांकि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानती हैं।
छवि ने कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करने से खुद का प्रदर्शन भी बेहतर होता है। उन्होंने शो के सेट के सकारात्मक माहौल और निर्देशक की भी तारीफ की।
दर्शकों से मिले संदेश ने छुआ दिल
पहले से लोकप्रिय शो का हिस्सा बनने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर छवि ने कहा कि उन्हें काफी प्यार मिल रहा है। उन्होंने इसका श्रेय शो के लेखकों को भी दिया, जिन्होंने डॉ. प्रीति के किरदार को इस तरह गढ़ा है कि दर्शक उससे जुड़ाव महसूस कर सकें।
छवि ने बताया कि एक दर्शक के संदेश ने उन्हें खास तौर पर भावुक कर दिया। दर्शक ने लिखा था कि डॉ. प्रीति का एक भावनात्मक दृश्य देखकर ऐसा महसूस हुआ, जैसे यह किरदार उन लोगों की आवाज बन गया हो जिन्हें अलग होने के कारण अक्सर जज या अस्वीकार कर दिया जाता है।
छवि के मुताबिक, एक कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती कि उसका अभिनय दर्शकों के दिल तक पहुंचे।
आगे सामने आएंगी डॉ. प्रीति की नई परतें
आने वाले एपिसोड्स को लेकर छवि ने ज्यादा खुलासा नहीं किया, लेकिन संकेत दिया कि डॉ. प्रीति ने कहानी में गर्मजोशी, सकारात्मकता और निष्ठा के साथ कदम रखा है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, दर्शकों को उनके व्यक्तित्व की कई नई परतें देखने को मिलेंगी।
‘यादें’ सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।
