वीवर्स कॉन फेस्टिवल इंडिया के पहले संस्करण में के-पॉप सितारों के साथ भारतीय कलाकार भी देंगे शानदार प्रस्तुति

मुंबई, अक्टूबर 2026: के-पॉप और भारतीय संगीत के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वीवर्स कॉन फेस्टिवल इंडिया के पहले संस्करण में शामिल होने वाले कलाकारों की सूची जारी कर दी गई है। दो दिवसीय यह फेस्टिवल 27 और 28 मार्च 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होगा। खास बात यह है कि दक्षिण कोरिया के बाहर पहली बार इस फेस्टिवल का आयोजन भारत में किया जा रहा है।

फेस्टिवल में के-पॉप के साथ दुनिया भर के कई लोकप्रिय कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे। लाइनअप में बमज़ू, दयंग, एनहाइपेन, एरिक नाम, ह्वासा, कैट्सआई की लारा, ली ह्यून, ले सेराफिम, रिया राज और टुमॉरो एक्स टुगेदर शामिल हैं।

यह भी पढ़े - संतोष दावखर की थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ 13 नवंबर को देशभर में होगी रिलीज, ऑस्कर एंट्री के बाद बढ़ा उत्साह

भारतीय कलाकार भी दिखाएंगे अपना हुनर

वीवर्स कॉन फेस्टिवल में भारतीय संगीत जगत के जाने-माने और उभरते कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें गिनी, किंग, रांज एक्स क्लिफर, रेबल और डीजे ज़ेलो शामिल हैं। फेस्टिवल में हिप-हॉप, इंडी और इलेक्ट्रॉनिक संगीत समेत कई शैलियों का संगम देखने को मिलेगा।

भारत में इस फेस्टिवल का आयोजन हाइब इंडिया और बुकमायशो लाइव मिलकर करेंगे। हाइब और वीवर्स शुरुआत से ही इस फेस्टिवल से जुड़े रहे हैं। किया इंडिया, मास्टरकार्ड, प्रोजेक्ट बी और सैमसंग गैलेक्सी मुख्य पार्टनर होंगे, जबकि नोंगशिम एसोसिएट पार्टनर के रूप में शामिल होगा।

भारतीय प्रशंसकों के लिए खास होगा फेस्टिवल

हाइब इंडिया के बिजनेस डेवलपमेंट हेड सार्थक अरोड़ा ने कहा कि भारतीय प्रशंसक लंबे समय से के-पॉप का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीवर्स कॉन फेस्टिवल के जरिए पहली बार दक्षिण कोरिया से बाहर भारत में कलाकारों और प्रशंसकों को आमने-सामने मिलने का अवसर मिलेगा।

बुकमायशो लाइव के चीफ बिजनेस ऑफिसर नमन पुगलिया ने कहा कि के-पॉप ने दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है और भारतीय प्रशंसकों ने इसे जिस तरह अपनाया है, वह खास है। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल में स्थापित कलाकारों के साथ उभरते हुए कलाकार भी नजर आएंगे, जिससे भारतीय दर्शकों को अलग तरह का संगीत अनुभव मिलेगा।

कई बड़े के-पॉप सितारे होंगे आकर्षण

एनहाइपेन अपने खास संगीत और परफॉर्मेंस के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेगा। वहीं, अनुभवी कलाकार ली ह्यून अपने भावुक गीतों से माहौल बनाएंगे। ले सेराफिम अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति और दमदार आवाज के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा, जबकि टुमॉरो एक्स टुगेदर अपने अलग-अलग संगीत शैलियों से प्रशंसकों का मनोरंजन करेगा।

सेवेंटीन के संगीत के लिए काम कर चुके संगीत निर्माता बमज़ू भी फेस्टिवल में खास अंदाज में नजर आएंगे। दयंग अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वहीं एरिक नाम भारतीय प्रशंसकों के साथ अपने पुराने जुड़ाव के बाद एक बार फिर भारत लौटेंगे।

ह्वासा अपनी दमदार स्टेज प्रेजेंस से दर्शकों का ध्यान खींचेंगी। ग्लोबल गर्ल ग्रुप कैट्सआई की लारा पॉप संगीत की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करेंगी, जबकि रिया राज अपनी भव्य शैली और जोशीली प्रस्तुति से फेस्टिवल में अलग रंग जोड़ेंगी।

27 अक्टूबर से प्री-सेल, 30 अक्टूबर से सभी के लिए टिकट

मास्टरकार्ड कार्डधारक 27 अक्टूबर से टिकटों की प्री-सेल में हिस्सा ले सकेंगे। इसके बाद 30 अक्टूबर से सभी दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू होगी। टिकट केवल बुकमायशो के माध्यम से खरीदे जा सकेंगे।

फेस्टिवल से जुड़ी टिकट जानकारी, नए अपडेट और आगामी घोषणाओं के लिए प्रशंसक हाइब इंडिया, वीवर्स ज़ोन कम्युनिटी और बुकमायशो लाइव के इंस्टाग्राम पेजों को फॉलो कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.