Prayagraj News: प्रयागराज पहुंचीं UPSC टॉपर शक्ति दुबे, रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

प्रयागराज। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में टॉप करने वाली शक्ति दुबे बुधवार को दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन से प्रयागराज पहुंचीं। जैसे ही वे अपने जन्मस्थान और कर्मभूमि संगम नगरी पहुंचीं, प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। परिजन, रिश्तेदार और करीबी उन्हें बुके और फूलमालाओं के साथ बधाई देने पहुंचे।

स्टेशन पर स्वागत के बाद शक्ति दुबे सबसे पहले अपने पिता देवेंद्र कुमार दुबे और ताऊ ए.के. दुबे से आशीर्वाद लेने उनके पास पहुंचीं। पिता और ताऊ ने मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शक्ति ने कहा कि उन्हें IAS बनने की प्रेरणा अपने पिता से मिली, जो हमेशा उनके लिए प्रेरणास्त्रोत रहे हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता और गुरुजनों को दिया।

यह भी पढ़े - Prayagraj News : बालिग जोड़ों के खिलाफ FIR पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- पुलिस भारी नुकसान कर रही

शक्ति दुबे ने साइंस बैकग्राउंड होने के बावजूद UPSC में पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशन को अपना वैकल्पिक विषय चुना। इस फैसले के बारे में उन्होंने कहा कि यह उनकी रुचि का विषय था और इससे उन्हें काफी मदद भी मिली।

पांचवें प्रयास में पाई सफलता

शक्ति ने बताया कि यह उनका पांचवां प्रयास था, और उन्होंने हर प्रयास से कुछ सीखा। उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश दिया कि सफलता के लिए निरंतरता और गंभीरता सबसे अहम हैं।

सोशल मीडिया पर रखीं स्पष्ट राय

शक्ति ने सोशल मीडिया के उपयोग पर कहा कि इसका पूरी तरह परहेज करने की जरूरत नहीं है, लेकिन बैलेंस जरूरी है। इंटरनेट और सोशल मीडिया से जानकारी मिलती है, लेकिन किताबें पढ़ना और फोकस बनाए रखना जरूरी है।

महिलाओं और समाज के लिए काम करने की इच्छा

IAS बनने के बाद अपनी प्राथमिकताओं पर बात करते हुए शक्ति दुबे ने कहा कि वह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए काम करेंगी। साथ ही, एक महिला होने के नाते वे महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देंगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें खुद को टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उनके पिता को विश्वास था कि वे IAS जरूर बनेंगी। अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को उन्होंने इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत बताया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.