- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखीमपुर खीरी
- लखीमपुर खीरी: काम पर लौटते ही फिर धरने पर बैठे अभियंता, एक्सईएन के विरूद्ध की नारेबाजी
लखीमपुर खीरी: काम पर लौटते ही फिर धरने पर बैठे अभियंता, एक्सईएन के विरूद्ध की नारेबाजी
लखीमपुर खीरी: पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अभियंताओं का धरना प्रदर्शन पुनः शुक्रवार से प्रारंभ हो गया है। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के बैनर तले आंदोलनरत अभियंताओं ने एक्सईएन के विरूद्ध नारेबाजी की और अपनी मांगे दोहराई। इससे दिन भर कार्यालय में कामकाज ठप रहा।
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार पाठक एवं मिनिस्टीरियल एसोसिएसन के अध्यक्ष शिवशंकर राना के नेतृत्व में चौथे दिन धरना प्रदर्शन में समस्त अवर अभियंता एवं मिनीस्टीरियल एसोसिएसन के सभी सदस्यों द्वारा एकजुट होकर एक्सईएन हंसाराम के खिलाफ नारेबाजी की गई। एक्सईएन हंसाराम पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए पदाधिकारियों ने धरना प्रदर्शन/कार्य बहिष्कार जारी रखने का ऐलान किया।
मिनीस्टीरियल एसोसिएसन के अध्यक्ष शिवशंकर राना ने कहा कि एक्सईएन हंसाराम द्वारा अवर अभियंताओं/कर्मचारियों का मानसिक उत्पीडन किया जा रहा है और कार्यों की भौतिक/वित्तीय प्रगति अपनी दूषित मानसिकता के कारण बाधित कर रखी है। शासन की शीर्ष प्राथमिकता गड्ढामुक्ति अभियान को भी ठप कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक्सईएन का तानाशाही पूर्ण रवैया ही है कि जब से अभियंता धरने पर बैठे हैं, लेकिन एक्सईएन ने वार्ता कर समस्याएं सुनने का प्रयास तक नहीं किया।
उलटे अवर अभियंता मौसम सिंह के खिलाफ धमकी देने का झूठा आरोप लगाकर सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। संघ के अध्यक्ष अजय पाठक ने कहा कि एक्सईएन द्वारा अभियंताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अभियंता अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। अभियंताओं ने तानाशाही पूर्ण रवैया रखने वाले एक्सईएन को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग पुरजोर ढंग से उठाई।
