- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Road Accident in Ballia : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पेशकार की मौत, चालक गिरफ्तार
Road Accident in Ballia : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पेशकार की मौत, चालक गिरफ्तार
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपट्टी चट्टी पर मंगलवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गाजीपुर जनपद के दिलदारनगर निवासी मनोज कुमार सिंह (38) पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। वह मऊ जनपद की मधुबन तहसील स्थित ग्रामीण न्यायालय में पेशकार के पद पर कार्यरत थे।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन बाजार के दुकानदारों ने उसका पीछा किया और फतेहपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। इसके बाद वाहन और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूचना मिलते ही भीमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
