अरशद वारसी बोले- 'धमाल 4' में लौटेगी ओरिजिनल फिल्म की मासूमियत, पूरी टीम को बताया परिवार

मुंबई, जुलाई 2026। बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' के ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद से दर्शकों में उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बॉलीवुड की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी की वापसी को लेकर फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच अभिनेता अरशद वारसी ने फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता साझा करते हुए दावा किया है कि 'धमाल 4' में दर्शकों को पहली फिल्म वाली मासूमियत और मनोरंजन का वही अंदाज़ देखने को मिलेगा।

फिल्म के बारे में बात करते हुए अरशद वारसी ने कहा, "मैं अभी फिल्म के किरदारों और कहानी के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकता, लेकिन एक बात का वादा जरूर कर सकता हूं कि ओरिजिनल 'धमाल' की जो मासूमियत थी, वह 'धमाल 4' के साथ वापस आ गई है।"

यह भी पढ़े - अभय वर्मा में ऋतिक रोशन जैसा सुपरस्टार बनने की क्षमता : मनोज बाजपेयी

उन्होंने फिल्म की स्टारकास्ट के साथ दोबारा काम करने के अनुभव को भी खास बताया। अरशद ने कहा, "धमाल गैंग मेरे लिए परिवार की तरह है। उन सभी के साथ काम करना हमेशा शानदार अनुभव होता है। इस बार हम और बड़े स्तर पर दर्शकों को हँसी की एक यादगार सवारी पर ले जाने वाले हैं।"

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म में वही सिग्नेचर कॉमेडी, दोस्ती और हलचल भरा मनोरंजन देखने को मिलेगा, जिसने 'धमाल' फ्रेंचाइज़ी को दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया है। इस बार पुराने कलाकारों के साथ कुछ नए चेहरे भी कहानी का हिस्सा बनेंगे।

फिल्म की स्टारकास्ट में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा के अलावा ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

'धमाल 4' का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है। फिल्म को टी-सीरीज़ फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और पैनोरमा स्टूडियो के बैनर तले बनाया गया है। इसके निर्माता अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठाकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक हैं।

कॉमेडी और मनोरंजन से भरपूर 'धमाल 4' 10 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.