अभय वर्मा में ऋतिक रोशन जैसा सुपरस्टार बनने की क्षमता : मनोज बाजपेयी

मुंबई, जुलाई 2026। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी ने उभरते अभिनेता अभय वर्मा की प्रतिभा की खुलकर सराहना करते हुए कहा है कि उनमें भविष्य का बड़ा सुपरस्टार बनने की पूरी क्षमता है। मनोज ने बताया कि जिस तरह उन्हें वर्षों पहले ऋतिक रोशन को देखकर उनके सुपरस्टार बनने का आभास हुआ था, वैसा ही एहसास आज अभय वर्मा को लेकर भी होता है।

अभय वर्मा के बारे में बात करते हुए मनोज बाजपेयी ने कहा, "मैं अभय से ‘द फैमिली मैन’ से पहले मिला था। भगवान ने मुझे लोगों की क्षमता पहचानने का एक गुण दिया है। मुझे ऐसा ही एहसास कार्तिक आर्यन और ऋतिक रोशन को लेकर भी हुआ था। मुझे याद है कि ऋतिक ‘फिज़ा’ की शूटिंग कर रहे थे। उस फिल्म में मेरी पत्नी शबाना भी थीं। मैं पास में शूट कर रहा था, तभी प्रदीप गुहा और खालिद ने मुझे ऋतिक का एक शॉट देखने के लिए कहा। जैसे ही मैंने उन्हें अभिनय करते देखा, मुझे विश्वास हो गया कि वह एक दिन सुपरस्टार बनेंगे। बाकी इतिहास है।"

यह भी पढ़े - सोनी सब के ‘यादें’ में इक़बाल खान बोले: “जब भी किसी केस में अटकता हूं, अपनी डॉक्टर बहनों से सलाह लेता हूं”

उन्होंने आगे कहा, "अभय वर्मा से मिलकर भी मुझे बिल्कुल वैसा ही एहसास हुआ। उनमें प्रतिभा, समर्पण और बेहतरीन स्क्रीन प्रेजेंस है, जो उन्हें इंडस्ट्री में लंबी और सफल पारी खेलने में मदद करेगी।"

भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में शुमार मनोज बाजपेयी का यह समर्थन अभय वर्मा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभय ने अपने अभिनय और विविध किरदारों के जरिए कम समय में ही दर्शकों के बीच एक अलग पहचान बनाई है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो अभय वर्मा जल्द ही फिल्म ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में कारगिल युद्ध के नायक आर.एस. ढालीवाल की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ जिमी शेरगिल, दिया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्नव भसीन और अमृता बागची भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

इसके अलावा अभय वर्मा आगामी फिल्मों ‘किंग’, ‘जेसी’ और ‘लाइकी लाइका’ का भी हिस्सा हैं। मनोज बाजपेयी जैसे अनुभवी अभिनेता का यह विश्वास अभय वर्मा के करियर के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन माना जा रहा है। यदि मनोज की परख एक बार फिर सही साबित होती है, तो बॉलीवुड को जल्द ही अपना अगला बड़ा सितारा मिल सकता है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.