Pilibhit News: कटना नदी में डूबने से किशोर की मौत, नहाने गया था साथियों के साथ

पीलीभीत : बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के भदारी गांव के पूर्व प्रधान महेंद्र पाल का पुत्र यशपाल (14) अपने कुछ साथियों के साथ गांव के पीछे बहने वाली कटना नदी में नहाने गया था। सभी किशोर नदी में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक यशपाल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

यह भी पढ़े - UP News: पीलीभीत के दो सीओ का तबादला, गैरजनपद से आएंगे नए अधिकारी

यशपाल को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाया, लेकिन घबराहट में वे घर लौट आए। कुछ समय बाद जब परिजनों ने यशपाल के बारे में पूछताछ की, तब एक किशोर ने पूरी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद यशपाल को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर खनंका चौकी प्रभारी जयपाल सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

किशोर की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.