- Hindi News
- छत्तीसगढ़
- Chhattisgarh News: पीएम मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर बोले सीएम विष्णु देव साय, कहा- छत्तीसगढ़ को उम्...
Chhattisgarh News: पीएम मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर बोले सीएम विष्णु देव साय, कहा- छत्तीसगढ़ को उम्मीद से अधिक मिला केंद्र का सहयोग
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 जून को देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।
विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासोन्मुख नीतियों ने शासन व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत किया है तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया है।
उन्होंने कहा कि अमृतकाल का वर्तमान दौर सेवा, सहभागिता और संकल्प की भावना से प्रेरित है, जो भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।
सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अब प्रदेशवासी टोल-फ्री नंबर 1076, मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग, निगरानी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित होगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो मामले की पुनः समीक्षा का भी प्रावधान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास से जुड़े सुझाव भी नागरिक सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। सुशासन का मूल उद्देश्य जनसमस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
सुशासन को प्राथमिकता
विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। जनता को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से राज्य में "सुशासन एवं कन्वर्जेंस विभाग" का गठन किया गया है और सीएम हेल्पलाइन 1076 उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बस्तर विकास के लिए तैयार हो रहा रोडमैप
नीति आयोग की बैठकों के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित एजेंडे के अनुसार विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। बस्तर क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण यह क्षेत्र पिछले चार से पांच दशकों तक विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए पहले से ही कई योजनाओं पर कार्य कर रही है तथा क्षेत्र की तीव्र प्रगति सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक रोडमैप भी तैयार किया जा रहा है।
