Rampur News: प्रेमिका से मिलने की मांग को लेकर 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस के समझाने पर उतरा नीचे

रामपुर : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक प्रेमिका से मिलने की मांग को लेकर 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

मामला पटवाई थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव का है। बताया जाता है कि गांव निवासी बृजमोहन दिल्ली में काम करता था, जहां उसकी पहचान बिहार की एक किशोरी से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने कथित रूप से कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद युवक युवती को अपने गांव लेकर आ गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को युवती के परिजन बिहार से पटवाई पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को थाने बुलाकर पूछताछ की। कानूनी प्रक्रिया के तहत किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि युवक को थाने में रखा गया।

इसी बीच मंगलवार को युवक थाने से निकलकर पटवाई-मिलक मार्ग स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर पहुंचकर उसने अपनी पत्नी से मिलवाने की मांग की और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को समझाने का प्रयास किया और शांतिपूर्वक नीचे उतरने की अपील की।

करीब दो घंटे तक चले प्रयासों के बाद पुलिस ने युवक को उसकी पत्नी से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.