- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की भव्य–दिव्य कलश यात्रा, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा
बलिया में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की भव्य–दिव्य कलश यात्रा, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा
Ballia News। गायत्री शक्तिपीठ महावीर घाट (गंगा जी मार्ग) पर आयोजित गायत्री माता प्राण-प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव एवं 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के अवसर पर गुरुवार को भव्य और दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों युवतियों व महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा, वहीं नगरवासियों ने मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार के टोली नायक रामतपस्या आचार्य ने कहा कि यज्ञ ही व्यक्ति, समाज और विश्व की रक्षा का सशक्त माध्यम है। यज्ञ संस्कृति का संरक्षण मानव जाति का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि आज करोड़ों लोग गायत्री से जुड़कर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।
गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक विजेंद्र नाथ चौबे ने जानकारी दी कि 1 से 4 जनवरी तक महायज्ञ आयोजित होगा। प्रथम दिन निकाली गई कलश यात्रा का उद्देश्य जीव-जगत के कुशल मंगल की कामना और जनजागरण है। इस दौरान नामकरण, मुंडन, विद्यारंभ, यज्ञोपवीत, दीक्षा सहित सभी प्रकार के संस्कार एवं कर्मकांड निःशुल्क संपन्न कराए जाएंगे।
