Ballia News: ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप; जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा

बलिया। शहर से सटे खोरी पाकड़ गांव के पास गुरुवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने समय पर उपचार न मिलने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदार चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के माल्देपुर निवासी अविनाश प्रजापति (35) पुत्र स्वर्गीय डॉ. राजकिशोर प्रजापति के घर गुरुवार को मुंडन संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच किसी आवश्यक कार्य से वह बाइक से घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि खोरी पाकड़ गांव के समीप उनकी बाइक को एक बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़े - Ballia News : 12 वर्षों के संघर्ष के बाद पवन कुमार सिंह ने पाई सफलता, BPSC में चयनित होकर बने बीपीआरओ

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देर तक कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं हुआ, जिसके कारण घायल युवक को समय पर उपचार नहीं मिल सका। उनका कहना है कि इलाज में हुई देरी के चलते अविनाश की मौत हो गई।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों ने जिला अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में लापरवाही के कारण मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.