- Hindi News
- भारत
- भारत को छेड़ने वालों को मिलेगा करारा जवाब: राजनाथ सिंह
भारत को छेड़ने वालों को मिलेगा करारा जवाब: राजनाथ सिंह

जोधपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश विरोधी ताकतों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि “भारत को छेड़ने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।” उन्होंने पहलगाम की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि आतंकियों ने वहां निर्दोष लोगों से धर्म पूछकर हत्या की थी, लेकिन हमारे वीर जवानों ने आतंकियों को धर्म नहीं, बल्कि उनके कर्म देखकर मार गिराया।
उन्होंने युवाओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यही भावनाएं नए भारत की पहचान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर नागरिक, खासकर युवा, अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक और अनुशासित रहें तो देश किसी भी चुनौती का डटकर सामना कर सकता है।
एकेडमी के लोकार्पण के मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि जब शिक्षा, रक्षा और खेल का संगम होता है, तो यह युवाओं को न केवल मजबूत बनाता है बल्कि राष्ट्र को भी सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ज्ञान, रक्षा से सुरक्षा और खेल से अनुशासन तथा धैर्य जैसे गुण विकसित होते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस एकेडमी से निकलने वाले विद्यार्थी न सिर्फ राजस्थान बल्कि पूरे देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। साथ ही नागरिकों से आह्वान किया कि वे एक ऐसे सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें, जो ज्ञान, संस्कृति और शक्ति के मामले में पूरी दुनिया का नेतृत्व करे।