- Hindi News
- भारत
- बिहार में नहीं बनी बात, अब दिल्ली में भाजपा के दिग्गज नेता को चुनौती देंगे कन्हैया कुमार
बिहार में नहीं बनी बात, अब दिल्ली में भाजपा के दिग्गज नेता को चुनौती देंगे कन्हैया कुमार
नई दिल्ली: जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को उस वक्त बड़ा झटका लगा था जब बिहार में महागठबंधन का नेतृत्व करने वाली लालू यादव की पार्टी आरजेडी ने बेगूसराय की सीट सीपीआई के खाते में दे दी। इसके साथ ही 2019 में गिरिराज सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में खड़े कन्हैया कुमार को निराशा हाथ लगी। लेकिन सियासी गलियारों से यह खबर आ रही हैं कि कांग्रेस पार्टी अपने इस स्टार कैंपेनर को दिल्ली की एक सीट से चुनावी अखाड़े में उतार सकती है।
2019 के लोकसभा चुनाव में कन्हैया लेफ्ट के टिकट पर बेगूसराय सीट से चुनावी मैदान में थे। हालांकि, उन्हें इस चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शानदार जीत दर्ज की थी। कन्हैया कुमार इसके बाद सितंबर 2021 में लेफ्ट छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान वह अक्सर उनके साथ दिखते थे।
बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन हुआ। कांग्रेस के खाते में तीन सीटें गई हैं। कांग्रेस ने अभी तक तीनों में से किसी भी सीट के उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है।
