Republic Day: प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह राष्ट्रीय पर्व संविधान के मूल्यों को संरक्षित करते हुए एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करे। भारत इस वर्ष अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मुख्य समारोह का आयोजन किया गया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा,

"गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय पर्व संविधान के मूल्यों को संरक्षित करते हुए सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में हमारे प्रयासों को और सुदृढ़ करे।"

यह भी पढ़े - Palwal News: छात्रा से अश्लील हरकत का मामला, प्रधानाध्यापक गिरफ्तार

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो हैं। परेड में भारत की सैन्य क्षमता और सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन किया गया। 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ था, और ठीक 75 वर्ष पहले इसी दिन संविधान लागू हुआ।

योगी आदित्यनाथ का संदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,

"प्रदेशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह गौरवशाली पर्व हमारे महान संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के अमर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। आइए, हम सभी संविधान में निहित कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लें। जय हिंद!"

गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर नेताओं ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सभी नागरिकों से देशहित में अपने कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.