रांची: महिला से डॉक्टर पर केबिन में छेड़खानी का आरोप, क्लिनिक में हंगामा और तोड़फोड़

झारखंड की राजधानी रांची के बरियातू इलाके में एक डॉक्टर पर इलाज के दौरान महिला से छेड़खानी का आरोप लगा है। इस घटना के बाद महिला के परिजनों ने डॉक्टर के क्लिनिक में हंगामा किया और तोड़फोड़ की। महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टर उसे इलाज के बहाने केबिन में ले गया और जांच के दौरान उसके साथ गलत हरकत करने लगा।

विरोध करने पर डॉक्टर ने महिला का मुंह दबा दिया।

घटना के बाद महिला ने लोकलाज के डर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन घर लौटने के बाद अपने पति को सबकुछ बताया।

यह भी पढ़े - Ahmedabad Plane Crash: अमित शाह ने जताया शोक, राहत कार्यों की समीक्षा की

क्लिनिक में हंगामा

महिला के पति और कुछ अन्य लोग डॉक्टर के क्लिनिक पहुंचे और डॉक्टर से पूछताछ करने लगे। इसी दौरान मारपीट और तोड़फोड़ शुरू हो गई। हंगामे में डॉक्टर और महिला के पति समेत अन्य लोग घायल हो गए।

डॉक्टर की शिकायत

डॉक्टर नदीम ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि तोड़फोड़ करने वालों ने उनके आवासीय क्लिनिक में घुसकर मारपीट की और पैसे लेकर भाग गए।

डॉक्टर ने समीर खान, सैफ अहमद, और अमीर अहमद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे बरियातू हाउसिंग कॉलोनी में डॉक्टर नदीम के क्लिनिक में हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। क्लिनिक के पास मौजूद लोग हंगामे को देखते रहे। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ता दिख रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.