- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ से सामने आया शिबोप्रसाद मुखर्जी का फर्स्ट लुक, दुर्गा पूजा 2026 पर रिलीज हो...
‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ से सामने आया शिबोप्रसाद मुखर्जी का फर्स्ट लुक, दुर्गा पूजा 2026 पर रिलीज होगी फिल्म
मुंबई: लंबे समय से चर्चा में बनी बंगाली फिल्म ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ का इंतजार अब और रोमांचक हो गया है। निर्माताओं ने फिल्म से अभिनेता शिबोप्रसाद मुखर्जी का पहला कैरेक्टर पोस्टर जारी कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर में उनका गंभीर और दमदार लुक फिल्म की रहस्यमयी दुनिया की झलक पेश करता है।
फिर लौटे विक्रम प्रमाणिक के किरदार में
फर्स्ट लुक जारी करते हुए शिबोप्रसाद मुखर्जी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “मैं एक बार फिर विक्रम प्रमाणिक के किरदार में लौट रहा हूँ। इस बार ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ के साथ, जो इस दुर्गा पूजा बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। विंडोज़ प्रोडक्शन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह हमारी दूसरी पेशकश है।”
उन्होंने बताया कि फिल्म का निर्माण बड़े पैमाने पर किया गया है। इसकी शूटिंग 96 अलग-अलग लोकेशंस पर हुई, जिसमें मुख्य और सहायक कलाकारों सहित करीब 2,500 लोगों ने हिस्सा लिया।
96 लोकेशंस पर हुई भव्य शूटिंग
शिबोप्रसाद ने बताया कि फिल्म की शूटिंग हसनाबाद, टाकी, बारासात, बर्दवान, बोलपुर, बिष्णुपुर, मालदा समेत पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में की गई है।
उन्होंने कहा कि चुनावी कार्यक्रमों के कारण शूटिंग शेड्यूल प्रभावित हुआ और मई की भीषण गर्मी में काम करना टीम के लिए बड़ी चुनौती था। बावजूद इसके पूरी टीम की मेहनत और समर्पण से फिल्म की शूटिंग सफलतापूर्वक पूरी की गई।
लोक संस्कृति भी होगी कहानी का अहम हिस्सा
पहली फिल्म की तरह इस बार भी ‘बहुरूपी’ लोक कलाकार कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे। खास बात यह है कि मालदा के प्रसिद्ध गम्भीरा लोक कलाकार भी फिल्म से जुड़े हैं।
उनके पारंपरिक गीत, मुखौटे और प्रस्तुतियां फिल्म को एक अलग सांस्कृतिक पहचान देंगी और कहानी को और अधिक प्रामाणिक बनाएंगी।
नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की जोड़ी फिर करेगी कमाल
अपनी संवेदनशील कहानियों और व्यावसायिक मनोरंजन के संतुलन के लिए मशहूर निर्देशक जोड़ी नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी एक बार फिर दर्शकों के लिए बड़े कैनवास की फिल्म लेकर आ रही है।
निर्माताओं का दावा है कि ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ एक्शन, इमोशन, रहस्य और भव्य सिनेमाई अनुभव का अनूठा संगम होगी।
दुर्गा पूजा 2026 की बड़ी रिलीज़
फिल्म का पहला पोस्टर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ गया है। ‘बहुरूपी: द गोल्डन डाकू’ को दुर्गा पूजा 2026 की सबसे बड़ी बंगाली फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
लगातार सफल फिल्मों के दम पर विंडोज़ प्रोडक्शन ने बंगाली सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। ऐसे में दर्शकों की उम्मीदें इस सीक्वल से भी काफी बढ़ गई हैं।
