- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- संत कबीर नगर
- संतकबीरनगर: बीएसए कार्यालय में एंटी करप्शन टीम का छापा, लेखाकार रिश्वत लेते गिरफ्तार
संतकबीरनगर: बीएसए कार्यालय में एंटी करप्शन टीम का छापा, लेखाकार रिश्वत लेते गिरफ्तार
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय अंतर्गत वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के लेखाकार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन बस्ती इकाई की टीम ने लेखाकार शरदेन्दु को शुक्रवार दोपहर में उस समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया जब वह एक शिक्षक से 50 हजार रूपये घूस ले रहा था।
उनसे जूनियर अध्यापक उनसे अधिक वेतन पाते हैं और वह सीनियर होने के बावजूद कम वेतन पा रहे हैं। वेतन विसंगति समाप्त कर उन्हें नियमानुसार मिलने वाला वेतन दिए जाने को लेकर लगभग तीन साल से वह अधिकारियों से गुहार लगा रहे थे। इस संबंध में उन्होंने खण्ड शिक्षाधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी तथा जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
फरवरी में फिर प्रत्यावेदन वित्त एवं लेखाधिकारी के लेखाकार को दिया जिस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक सप्ताह पहले लेखाकार शरदेंदु कुमार ने फोन करके वेतन विसंगति दूर करके उन्हें नियमानुसार वेतन दिलाने के लिए 50 हजार रूपये रिश्वत की मांग की।
पीड़ित शिक्षक कृष्ण चंद्र ने इसकी शिकायत एण्टी करप्शन बस्ती इकाई बस्ती में की। टीम ने शिकायत की जांच की और मामला सही पाए जाने पर आरोपी कर्मचारी को ट्रैप करने के लिए जाल बिछाया एवं जिला प्रशासन से स्वतंत्र गवाह प्राप्त करके केमिकल युक्त 50 हजार रूपये देने के लिए शिकायतकर्ता शिक्षक को लेखाकार के पास भेजा। उत्कोच लेते हुए लेखाकार शरदेन्दु को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
