- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में राहगीरों से बाइक लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
बलिया में राहगीरों से बाइक लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
बलिया। स्वाट/सर्विलांस सेल बलिया और थाना भीमपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने राहगीरों के साथ मारपीट कर बाइक लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त दो बाइक और मोटरसाइकिल के दो पहिए बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के थाना क्षेत्रों में राहगीरों की रेकी कर सुनसान स्थानों पर बाइक लूटने और बाद में उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचने की बात कबूल की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
मंगलवार को उप निरीक्षक अबुल फैज पुलिस टीम के साथ नहर कालोनी बाजार में क्षेत्र की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्रभारी सर्विलांस सेल निरीक्षक विश्वनाथ यादव, प्रभारी स्वाट उप निरीक्षक अजय साहनी और थाना भीमपुरा के उप निरीक्षक रवि वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सामने से दो बाइक आती दिखाई दीं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक सवार पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों बाइकों को रोक लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (22), राजेश यादव (26), आशीष यादव उर्फ गोलू यादव (19) और प्रिंस यादव (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बलिया के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
बाइकों से बरामद हुए मोटरसाइकिल के पहिए
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान पहली बाइक की बीच वाली सीट पर रखी प्लास्टिक की बोरी से रीम लगा मोटरसाइकिल का एक पहिया बरामद हुआ। दूसरी बाइक से भी इसी तरह रीम लगा एक पहिया बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों बाइक का इस्तेमाल 17 अक्टूबर की लूट की वारदात में किया गया था। पहली बाइक स्प्लेंडर प्लस बताई गई, जिसका पंजीकरण नंबर UP54BB 8820 है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने बाइक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
रसड़ा से भी बाइक छीनने की बात सामने आई
दूसरी बाइक के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि इसे उन्होंने गाजीपुर निवासी अपने साथियों अभिषेक और मंटू की मदद से 13 अक्टूबर की शाम रसड़ा क्षेत्र से छीना था। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट, डिग्गी और लेग गार्ड खोलकर छिपा दिए गए थे।
पुलिस ने रसड़ा थाने से जानकारी की तो बाइक से संबंधित मामला दर्ज होना पाया गया। इस संबंध में थाना रसड़ा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पार्ट्स खोलकर बेचने का था तरीका
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के थाना क्षेत्रों में घूमकर अकेले राहगीरों की रेकी करते थे। सुनसान जगह मिलते ही बाइक सवारों को निशाना बनाकर उनकी मोटरसाइकिल लूट लेते थे। इसके बाद मौका मिलने पर बाइक के अलग-अलग पार्ट्स खोलकर बेच देते थे।
आरोपियों ने बताया कि 17 अक्टूबर को लूटी गई बाइक को पालचन्द्रहा गांव के पास खेत में ले जाकर उसके पार्ट्स खोल दिए गए थे। बाइक की बैटरी और दोनों पहिए कसने वाले हब लेकर उनके गाजीपुर निवासी साथी अभिषेक और मंटू चले गए थे।
पुलिस ने बरामद पहियों के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2), 3(5) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने गाजीपुर निवासी अभिषेक और मंटू को भी मामले में प्रकाश में लाया है।
गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी सर्विलांस सेल निरीक्षक विश्वनाथ यादव, थानाध्यक्ष भीमपुरा मिथिलेश कुमार, स्वाट टीम प्रभारी उप निरीक्षक अजय साहनी, उप निरीक्षक रवि वर्मा और अबुल फैज, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, दिलीप पाठक, विकास श्रीवास्तव और देवेंद्र सरोज, कांस्टेबल सूर्यप्रकाश यादव, जनार्दन चौधरी, आकाश कुमार और अजय यादव शामिल रहे।
