- Hindi News
- मनोरंजन
- “‘साहेब’ के उस सीन के बाद फूट-फूटकर रोया था”: अनिल कपूर ने अनुपमा के सामने साझा किया भावुक किस्सा
“‘साहेब’ के उस सीन के बाद फूट-फूटकर रोया था”: अनिल कपूर ने अनुपमा के सामने साझा किया भावुक किस्सा
मुंबई, अक्टूबर 2026: इस वीकेंड स्टार प्लस के लोकप्रिय गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में दर्शकों को अनिल कपूर और ‘अनुपमा’ फेम रुपाली गांगुली की खास मुलाकात देखने को मिलेगी। शो के दौरान बातचीत ने अनिल कपूर को उनकी फिल्म ‘साहेब’ के दिनों की याद दिला दी, जिसका निर्देशन रुपाली गांगुली के पिता अनिल गांगुली ने किया था।
रुपाली का स्वागत करते हुए अनिल कपूर ने कहा कि अनिल गांगुली उनके लिए बेहद अच्छे और प्यारे इंसान थे। उन्होंने बताया कि लोग उनकी कई फिल्मों में उनके अभिनय की तारीफ करते हैं, लेकिन उनके मुताबिक ‘साहेब’ में उनका काम सबसे बेहतर था। रुपाली की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि आज उनकी बेटी उनके साथ खड़ी हैं, जिन्होंने पूरे देश के घर-घर में अपनी पहचान बनाई है।
बातचीत के दौरान रुपाली गांगुली ने भी अपने पिता से सुनी अनिल कपूर की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता अक्सर अनिल कपूर के बारे में बातें किया करते थे। रुपाली ने फिल्म में अनिल कपूर के सीमित कपड़ों का जिक्र करते हुए उनके समर्पण की तारीफ की।
उन्होंने उस चर्चित सीन को भी याद किया, जिसमें अनिल कपूर का किरदार पैसे लेकर बैठा होता है और उन्हें वापस करने के लिए नौकरी मांगता है। रुपाली ने इसे अभिनय की पूरी पाठशाला बताया।
इस पर अनिल कपूर ने उस भावुक सीन से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए कहा, “वे मेरे पसंदीदा सीन्स में से एक है। वह सीन करने के बाद मैं फूट-फूटकर रोया था। सीन में मेरा किरदार अपने जज़्बातों पर काबू रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शूटिंग खत्म होते ही मैं रो पड़ा।”
अनिल कपूर के इस खुलासे ने शो में मौजूद माहौल को भावुक कर दिया। ‘साहेब’ से जुड़ी उनकी यादों ने उनके अभिनय के प्रति समर्पण और किरदार में पूरी तरह डूब जाने की उनकी क्षमता की एक झलक भी पेश की।
देखिए ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’, इस वीकेंड रात 8 बजे, सिर्फ स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर।
