- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखीमपुर खीरी
- Lakhimpur Kheri News : बाघ के लिए लगाए गए पिंजरे में फंस गया तेंदुआ, वन विभाग ने सुरक्षित छोड़ा कतर्...
Lakhimpur Kheri News : बाघ के लिए लगाए गए पिंजरे में फंस गया तेंदुआ, वन विभाग ने सुरक्षित छोड़ा कतर्नियाघाट जंगल में
संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी) : वृंदावन कॉलोनी क्षेत्र में बाघ को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में मंगलवार रात एक तेंदुआ फंस गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित ट्रॉली में लादकर रेंज कार्यालय पहुंचाया और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे कतर्नियाघाट जंगल में छोड़ दिया।
मंगलवार देर रात शिकार की तलाश में तेंदुआ पिंजरे तक पहुंचा और अंदर घुसते ही कैद हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को ट्रॉली में लादकर सुरक्षित रेंज कार्यालय लाया गया। पशु चिकित्सकों द्वारा किए गए परीक्षण में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे कतर्नियाघाट जंगल में छोड़ा गया।
वन क्षेत्राधिकारी ललित कुमार ने बताया कि तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ है, जबकि पिंजरा बाघ के लिए लगाया गया था। बाघ की तलाश और निगरानी अब भी जारी है।
पहली सफलता, पर बाघ अब भी आज़ाद
संपूर्णानगर क्षेत्र में पिछले एक वर्ष में कई बार बाघ और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दो बार बाघ को ट्रैंक्विलाइज करने की अनुमति भी मिली, लेकिन वह हर बार मौके से निकल गया। मंगलवार की घटना में पहली बार पिंजरा सफल साबित हुआ, हालांकि बाघ उसमें नहीं आया।
ग्रामीणों में दहशत जारी
स्थानीय लोगों के अनुसार बाघ अभी भी जंगल और गन्ने के खेतों के बीच घूम रहा है। कभी जंगल में तो कभी खेतों के पास उसकी मौजूदगी की सूचना मिलती रहती है। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
