Lakhimpur Kheri News: बाइक सवार बदमाशों ने युवक को पीटा, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार

लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने पहले पीटा और फिर उसका मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घटना हरिद्वार से लौट रहे युवक और उसके दोस्त के साथ हुई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अजय कुमार, जो सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के देईरामा गांव का निवासी है, ने बताया कि वह हरिद्वार से अपने दोस्त दीपक के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में तड़के करीब ढाई बजे जब वे धोबहा गांव के आगे पहुंचे, तभी दो बाइकों और एक स्कूटी पर सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।

बदमाशों ने दोनों युवकों को पीटना शुरू कर दिया और उनके पास से मोबाइल फोन, करीब सात हजार रुपये नकद, एक बैग, और दीपक के पास से 1500 रुपये, कपड़े व आधार कार्ड लूट लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। अजय ने पुलिस को स्कूटी और बाइकों के नंबर भी बताए हैं।

प्रभारी निरीक्षक हेमंत राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहनों के नंबर के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.