लखीमपुर खीरी : नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पोते को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी। थाना शारदानगर क्षेत्र के पतरासी गांव में गुरुवार सुबह नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। इस घटना में पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिवंश लाल वर्मा के पोते मोहित वर्मा घायल हो गए। गोली उनके पैर में लगी, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवक प्रज्ञानंद वर्मा और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव पतरासी निवासी संदीप वर्मा नाली में पाइप डाल रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी विमलेश वर्मा और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान विमलेश के भाई ने ट्रैक्टर से संदीप के घर की दीवार में टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - Ballia News: सर्पदंश से शिक्षक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

विवाद के दौरान संदीप का भाई प्रज्ञानंद वर्मा अपनी छत पर चढ़ गया और वहां से अपने भाई की डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली सीधे पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पोते मोहित वर्मा (पुत्र राजेश वर्मा) के पैर में जा लगी। गोली चलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रज्ञानंद वर्मा और उसके भाई प्रदीप वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बंदूक भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस का कहना है कि यह विवाद नाली में पाइप डालने को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच पहले से राजनीतिक और जमीनी रंजिश भी चल रही है, जो इस हिंसक घटना की वजह बनी। घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.