बरेली: शिवपाल यादव के इस बयान पर बेटे आदित्य ने कही ये बड़ी बात

बरेली: वोट देंगे तो ठीक है, नहीं देंगे तो हिसाब-किताब भी होगा। ऐसा कोई बयान सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बदायूं से प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने दिया ही नहीं। यह बात उनके बेटे और चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे आदित्य यादव ने शनिवार को कही।

वह बदायूं स्थित सांसद धर्मेंद्र यादव के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुल 25 सेकेंड का बयान काट छांटकर प्रसारित किया गया है। यह आधा-अधूरा बयान सपा को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रायोजित किया गया है।

यह भी पढ़े - जौनपुर को 944.19 करोड़ रुपये के वेस्टर्न बाईपास की स्वीकृति

आदित्य यादव ने कहा कि अगर पूरा बयान सुनेंगे तो बात साफ हो जाएगी। बिसौली का वीडियो है, वहां की जनता ने जिन्हें सपा के टिकट पर विधायक चुना, वह पार्टी की नीतियों के विपरीत भाजपा का साथ दे रहे हैं। 

उन्होंने लालच में राज्यसभा के चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोटिंग की। इसे लेकर ही शिवपाल सिंह यादव ने विस्तृत बयान दिया था। शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि जनता ने आशुतोष मौर्या को जिस उम्मीद के साथ वोट देकर बिसौली से विधायक चुना था, उन्होंने उस पर ही पानी फेर दिया है।

विधायक ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। यह चुनाव ऐसे लोगों से हिसाब-किताब करने का है जो निजी फायदे के लिए पार्टी की विचारधारा के विपरीत काम कर रहे हैं। उनसे हिसाब- किताब करने की जरूरत है। आदित्य ने कहा कि वह भी इस बात को डंके की चोट पर कह रहे हैं कि जनता अब ऐसे नेताओं का हिसाब किताब कर दे जो अपनी पार्टी की विचारधारा से हटकर जनता को धोखा दे रहे हैं और उसका भरोसा तोड़ रहे हैं। 

शिवपाल यादव ने ये कहा था 
चुनावी जनसंपर्क सभा के दौरान का शिवपाल यादव का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह कहते हैं कि हम सब का वोट मांगेंगे। जो देगा तो देगा, जो नहीं देगा तो अपने लोग हैं ही लाखों वोटो से जिताने के लिए। आगे कहते हैं कि जो वोट नहीं देगा, तो फिर हिसाब किताब भी होगा। सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने सपा को घेरना शुरू कर दिया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.