मिशन शक्ति 5.0 : बलिया में महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति किया गया जागरूक

बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ किया गया, जिसका सीधा प्रसारण बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन” को समर्पित इस कार्यक्रम में महिलाओं को जागरूक करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें, पुलिस हर संभव मदद के लिए तैयार है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में मिशन शक्ति से जुड़ी जानकारी बच्चों को प्रतिदिन दी जाए, जिससे समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो। उन्होंने महिलाओं से घरेलू हिंसा पर चुप न रहने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।

यह भी पढ़े - Ballia News : नाबालिग से छेड़खानी करने वाला युवक गिरफ्तार

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नारी शक्ति को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार योजनाएं चला रही है।

“अब महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही हैं” : सुनीता श्रीवास्तव

राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि नारी सुरक्षा के लिए सरकार के मजबूत कदमों से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। अब महिलाएं रात में भी बिना भय के कहीं भी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और मातृत्व शक्ति को सम्मान देने में सहायक हो रही हैं। सुनीता श्रीवास्तव ने महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी रखने, आत्मरक्षा सीखने और छोटी बच्चियों को भी आत्मनिर्भरता की शिक्षा देने की अपील की।

कन्या जन्मोत्सव पर सम्मान और सहायता वितरण

कार्यक्रम में 12 बच्चियों, जिन्होंने अपने अभिभावकों को खो दिया है, को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से लाभान्वित किया गया। इन बच्चियों को बैग और किताबें वितरित की गईं। लाभान्वित बच्चियों में पलक शर्मा, आराध्या सिंह, अस्मिता सिंह, काव्या सिंह, ईशा आलद, दिशा आनंद, स्नेहा खरवार, निधि कुमारी, सुनीता कुमारी, दिव्या कुमारी, पीहू तिवारी और अर्निका कुमारी शामिल थीं।

वहीं कन्या जन्मोत्सव के अवसर पर सोनी देवी, शहजादी खातून और अंजू को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित कई अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.