Barabanki News: शादी के मंडप में दुल्हन ने प्रेमी से भरवाई मांग, बिना दुल्हन लौट गई बारात

बाराबंकी। जिले में एक अनोखी घटना ने शादी समारोह को विवाद में बदल दिया। बरात लेकर पहुंचे दूल्हे के सामने ही दुल्हन ने अपने प्रेमी से सिंदूर भरवा लिया। यह युवक दुल्हन की बहन का देवर निकला, जिससे उसका लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। अचानक हुई इस घटना से मंडप में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। मामला पुलिस तक पहुंचा और अंततः बारात बिना दुल्हन लौट गई।

जानकारी के अनुसार, उत्तर टोला मोहल्ले के नरेश की बेटी मोहिनी की शादी हैदरगढ़ कोठी क्षेत्र के निवासी विकास सोनी से तय हुई थी। एक माह पहले सगाई के बाद 24 सितंबर को शादी की तारीख रखी गई थी। तय दिन विकास बारात लेकर उत्तर टोला पहुंचा, जहां जोर-शोर से स्वागत हुआ। लेकिन मंडप में अचानक माहौल बदल गया। आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने शादी के दौरान डेढ़ लाख रुपये नकद और डेढ़ तोले की सोने की अंगूठी की अतिरिक्त मांग कर दी। रकम देने में असमर्थ दुल्हन पक्ष ने विरोध जताया, जिससे तनाव बढ़ गया।

यह भी पढ़े - Kanpur News: गाड़ी भिड़ने पर भाजपा नेता से मारपीट, थाने में हुआ समझौता

स्थिति देखकर दुल्हन मोहिनी भावुक हो गई। उसने मंडप में मौजूद बहन के देवर शिवांश से पूछा कि क्या वह उससे शादी करेगा। शिवांश के हामी भरते ही उसने वहीं दूल्हे के सामने मोहिनी की मांग में सिंदूर भर दिया। यह दृश्य देखते ही बाराती भड़क गए और मंडप में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले गई।

पुलिस को दिए बयान में मोहिनी ने बताया कि उसे दूल्हा विकास कभी पसंद नहीं था, लेकिन पिता की जिद के चलते शादी के लिए तैयार हुई थी। जबकि वह पिछले तीन साल से शिवांश से प्रेम करती थी और दोनों शादी करना चाहते थे, मगर परिवार राजी नहीं था।

उधर, दूल्हे के पिता शिवकुमार सोनी ने उल्टा लड़की पक्ष पर ही पैसे मांगने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बारात पहुंचने पर लड़की पक्ष ने महिलाओं को 501 रुपये और दूल्हा उतारने के लिए 5001 रुपये की मांग की। उन्होंने इसे देने से इनकार किया तो हंगामा खड़ा कर दिया गया और जानबूझकर साजिशन दुल्हन से दूसरे युवक के हाथों मांग भरवाई गई।

वहीं शिवांश ने कहा कि मोहिनी के रोने और गुहार लगाने पर उसने मंडप में ही सिंदूर भरा। इस तरह, खुशी का माहौल विवाद और हंगामे में बदल गया और अंततः बारात दुल्हन के बिना ही लौट गई।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.