संतोष दावखर की थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ 13 नवंबर को देशभर में होगी रिलीज, ऑस्कर एंट्री के बाद बढ़ा उत्साह

मुंबई, अक्टूबर 2026: फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) द्वारा 18 सितंबर 2026 को 99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2027) की सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद मराठी लोक-थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ अब देशभर में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म 13 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

दावखर फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का लेखन, निर्देशन और निर्माण संतोष दावखर ने किया है। फिल्म को समीक्षकों से भी सराहना मिल चुकी है। अब इसे देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है। भारत में ‘गोंधल’ मराठी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी।

यह भी पढ़े - वीवर्स कॉन फेस्टिवल इंडिया के पहले संस्करण में के-पॉप सितारों के साथ भारतीय कलाकार भी देंगे शानदार प्रस्तुति

‘अपनी मिट्टी की कहानी को ईमानदारी से पेश करना था मकसद’

फिल्म के निर्देशक संतोष दावखर ने कहा कि फिल्म बनाने के पीछे उनका उद्देश्य अपनी मिट्टी की संस्कृति, रहस्यमयी परंपराओं और अनकही कहानियों को पूरी ईमानदारी के साथ पर्दे पर उतारना था।

उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ी इस लोक-थ्रिलर को दर्शकों से इतना मजबूत रिस्पॉन्स मिलना और ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनना उनके लिए बेहद सम्मान और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को फिल्म का पूरे भारत में रिलीज होना उनके लिए ऐसा है, जैसे कहानी अपने सफर को पूरा कर उसी जगह लौट रही हो, जहां से इसकी शुरुआत हुई थी।

दावखर ने कहा कि सिनेमा की कोई भाषाई सीमा नहीं होती, अगर उसकी भावनाएं सच्ची हों। उन्होंने उम्मीद जताई कि देशभर के दर्शक इस रोमांच और रहस्य से भरे सफर को बड़े पर्दे पर एक साथ अनुभव करेंगे।

रहस्य, विश्वासघात और अपराध की कहानी

महाराष्ट्र के ग्रामीण परिवेश में स्थापित ‘गोंधल’ जुनून, विश्वासघात और रहस्य से भरी कहानी है। फिल्म की कहानी सुमन नाम की युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक दुखी और दमघोंटू वैवाहिक जीवन से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रही है।

इसी दौरान वह अपने प्रेमी सर्जेराव की पारंपरिक और पवित्र गोंधल अनुष्ठान के प्रति गहरी आसक्ति का फायदा उठाती है। रात के अंधेरे में होने वाले इस लोक-अनुष्ठान के बीच स्थानीय सत्ता संघर्ष, छिपे इरादे और विश्वासघात सामने आने लगते हैं।

धीरे-धीरे गांव की एक पवित्र रात अपराध, रहस्य और खतरनाक घटनाओं में बदल जाती है। कहानी का सच सुबह होने से पहले सामने आने की चुनौती के साथ फिल्म दर्शकों को रोमांचित करती है।

ये कलाकार आएंगे नजर

फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अमलेंदु चौधरी ने संभाली है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.