- Hindi News
- भारत
- डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया याद
डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया याद
इंदौर, अक्टूबर 2026: अपना दल के संस्थापक और गरीब, शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले जननायक डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर इंदौर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के कार्यालय में हुआ।
कार्यक्रम में डॉ. सोनेलाल पटेल के जीवन, विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाई और सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
‘उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
इस अवसर पर राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल का जीवन समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के उन वर्गों को आवाज देने का काम किया, जिन्हें लंबे समय तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया।
उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल के विचार और संघर्ष समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और अधिकार दिलाने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डॉ. मलिकराम ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता एवं समानता के मूल्यों को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर वंचित वर्गों के हितों के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अपना दल (एस) के जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
