- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: एक पैर से जिंदगी की चुनौतियों का सामना कर रही रागिनी की मदद को पहुंचे डीएम, पढ़ाई के लिए दी क...
बलिया: एक पैर से जिंदगी की चुनौतियों का सामना कर रही रागिनी की मदद को पहुंचे डीएम, पढ़ाई के लिए दी किताबें और ट्राईसाइकिल
बलिया। मनियर ब्लॉक की ग्राम पंचायत दिघेड़ा के रानीपुर गांव की सात वर्षीय रागिनी इन दिनों एक पैर के सहारे जिंदगी की मुश्किलों का सामना कर रही है। शारीरिक परेशानी के बावजूद उसके हौसले बुलंद हैं और वह पढ़ाई जारी रखते हुए रोज स्कूल जाने का सपना देख रही है। रागिनी प्राथमिक विद्यालय दिघेड़ा में कक्षा एक की छात्रा है।
जिलाधिकारी ने बच्ची को अपने हाथों से पढ़ाई के लिए किताबें और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए उसे दो ट्राईसाइकिल भी उपलब्ध कराई गईं। इससे रागिनी के लिए विद्यालय तक पहुंचना आसान होने की उम्मीद है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने रागिनी की मां को बताया कि परिवार में शौचालय निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रागिनी की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। सरकार की ओर से मिलने वाली सभी जरूरी सुविधाएं और हरसंभव सहायता उसे उपलब्ध कराई जाएगी।
मेडिकल जांच और उपचार के निर्देश
जिलाधिकारी ने रागिनी की मेडिकल जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्ची के पैर की समस्या का उचित उपचार कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि उसके स्वास्थ्य में सुधार हो और वह बेहतर एवं सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ सके।
वहीं, रागिनी के गांव की खराब सड़क देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क की स्थिति में जल्द सुधार कराने के निर्देश दिए और शीघ्र मरम्मत कराने को कहा।
गांव में लगेगा दिव्यांगजन सहायता कैंप
जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिया कि गांव में विशेष कैंप आयोजित कर दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए आर्थिक सहायता समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी की पहल से रागिनी और उसके परिवार में खुशी का माहौल है। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से जहां बच्ची को अपनी पढ़ाई जारी रखने का हौसला मिला है, वहीं उसके बेहतर भविष्य की उम्मीद भी जगी है।
इस दौरान सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय, बीएसए मनीष कुमार सिंह, डीपीआरओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
