- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- मिशन शक्ति 5.0 : बलिया में एएसपी और बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं को जागरूक किया
मिशन शक्ति 5.0 : बलिया में एएसपी और बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं को जागरूक किया

बलिया : मिशन शक्ति-5.0 के तहत कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर में बालिकाओं व महिलाओं को सुरक्षा, स्वाबलंबन, कल्याणकारी योजनाओं , साईबर अपराध तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अधिकारियों ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज में जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर ने छात्राओं से संवाद किया और उनकी शिक्षा, भविष्य तथा आत्मविश्वास से जुड़े सवालों के जवाब दिए। कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और मिशन शक्ति का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। वहीं, बीएसए मनीष कुमार सिंह ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है, जिसके दम पर वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।