- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अयोध्या
- भक्तिपथ पर हादसा-तेज हवा के झोंके से गिरा एंगल और पर्दा, श्रद्धालु हुए घायल-रोका गया आवागमन
भक्तिपथ पर हादसा-तेज हवा के झोंके से गिरा एंगल और पर्दा, श्रद्धालु हुए घायल-रोका गया आवागमन
अयोध्या। राम जन्मोत्सव की तैयारी के बीच बुधवार को राम नगरी में एक हादसा हो गया। हादसे में कई श्रद्धालु चोटिल हुए हैं। इनमें से दो महिलाओं का श्रीराम अस्पताल में उपचार कराया गया है। हादसा भक्ति पथ के एंट्री पॉइंट श्रृंगारहाट बैरियर के निकट हुआ। हादसे के बाद इस मार्ग पर श्रद्धालुओं का आवागमन रोक दिया गया है और हनुमानगढ़ी चौराहे के रास्ते आवागमन कराया जा रहा है। साथ ही प्रशासन ने पूरे मार्ग से टेंट, एंगिल, केबल आदि को हटवाना तथा जर्जर बाउंड्रीवाल की दीवारों को गिरवाना शुरू कर दिया है।
बुधवार को लगभग दस बजे हवा के तेज झोंके के चलते फैंसी लाइट एंगिल समेत गिर पड़ा और उधर से गुजर रहे श्रद्धालुओं का जत्था इसकी चपेट में आ गया। मामले की जानकारी पर थाना रामजन्मभूमि प्रभारी ने एंबुलेंस मंगवा घायलों को श्री राम अस्पताल भिजवाया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अंजना (30) पत्नी प्रह्लाद ग्राम बगुरहिया हाट थाना दीपनगर जिला नालंदा बिहार को ज्यादा चोट आई थी , जबकि तीन अन्य चोटिल हुई थीं। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है।

उधर हादसे के बाद हरकत में आए प्रशासन ने इस मार्ग पर श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया है तथा मार्ग पर स्थित एंगल केबल पर्दे आदि को हटवाया जा रहा है। आवागमन हनुमानगढ़ी चौराहे के रास्ते से शुरू कराया है। मंगलवार की शाम भी तेज हवा के झोंके से परदे उड़े थे, लेकिन मेला क्षेत्र में भीड़ न होने के चलते कोई घायल नहीं हुआ था ।
