- Hindi News
- UP Crime News
- नोएडा निक्की हत्याकांड : जेठ और ससुर गिरफ्तार, पति बोला, “कोई पछतावा नहीं”
नोएडा निक्की हत्याकांड : जेठ और ससुर गिरफ्तार, पति बोला, “कोई पछतावा नहीं”

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए हुई 26 वर्षीय निक्की की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ा कदम उठाते हुए मृतका के जेठ और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। कासना पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी जेठ रोहित (28) और ससुर सत्यवीर को सिरसा टोल चौराहे से दबोचा। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे।
पति का चौंकाने वाला बयान
आरोपी पति विपिन ने डाढ़ा अस्पताल में मीडिया से कहा कि उसे पत्नी की मौत का कोई पछतावा नहीं है। उसका कहना था – “मैंने उसे नहीं मारा, वह खुद मर गई। पति-पत्नी में झगड़े होते रहते हैं, यह आम बात है।”
वहीं, निक्की की बड़ी बहन कंचन ने घटनास्थल पर बनाए गए कई विचलित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। एक वीडियो में निक्की को बाल पकड़कर घसीटते दिखाया गया, जबकि दूसरे में वह आग की लपटों में झुलसते हुए सीढ़ियों से उतरती और गिरती नजर आ रही है।
गिरफ्तारी और मुठभेड़
पुलिस ने शनिवार को विपिन भाटी को गिरफ्तार किया था। रविवार को जब उसे सबूत इकट्ठा करने के लिए ले जाया जा रहा था, तब उसने एक उप निरीक्षक की बंदूक छीनकर फायरिंग की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी। उसी दिन उसकी मां दया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दहेज की लगातार मांग
मृतका के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि 2016 में उनकी दोनों बेटियों – कंचन (29) और निक्की (26) – की शादी एक ही परिवार में हुई थी। कंचन की शादी रोहित भाटी से और निक्की की शादी विपिन भाटी से हुई। आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों बेटियों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पहले ही ससुराल वालों को एक स्कॉर्पियो एसयूवी, मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण दिए गए थे, लेकिन बाद में वे 36 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार की मांग करने लगे। कंचन ने भी पुलिस को गवाही दी कि उसकी आंखों के सामने निक्की को उसके बेटे के सामने बेरहमी से पीटा गया और फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।