- Hindi News
- Top News
- राजस्थान: वसुंधरा राजे के काफिले की बोलेरो पलटी, सात पुलिसकर्मी घायल
राजस्थान: वसुंधरा राजे के काफिले की बोलेरो पलटी, सात पुलिसकर्मी घायल

Vasundhara Raje Convoy Accident: पाली जिले के बाली में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के काफिले में शामिल पुलिस की बोलेरो गाड़ी पलट गई, जिससे सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें से तीन को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घायलों को तुरंत पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही वसुंधरा राजे ने तुरंत घायलों की मदद की। उन्होंने घायलों को एम्बुलेंस से बाली के राजकीय चिकित्सालय भिजवाया और प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कराया गया। उन्होंने स्थानीय विधायक पुष्पेंद्र सिंह को भी घायलों के साथ अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
भाजपा नेता रमेश परिहार ने बताया कि बोलेरो तीन बार पलटी थी। हादसे में बोलेरो में सवार तीन पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी को हल्की चोटें लगी हैं।
शोक व्यक्त करने गई थीं राजे
वसुंधरा राजे रविवार को पाली जिले के मुंडारा गांव में मंत्री ओटाराम देवासी की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंची थीं। रोहट और पाली के पणिहारी चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। वहीं से वे मुंडारा के लिए रवाना हुई थीं।
घायलों की स्थिति
सभी घायल पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद से काफिले और पार्टी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।